3 हजार 383 करोड़ के मालिक भाजपा के विधायक पराग शाह को दिनभर भीख मांगने पर मिले 84 रुपए,साझा किया अपना अनुभव…

मुंबई। महाराष्ट्र के सबसे रईस विधायक पराग शाह एक दिन के लिए भिखारी बने थे और मुंबई की सड़कों पर घूमे थे. इस दौरान उन्होंने लोगों से भीख भी मांगी और उनके हाथ में लोगों ने कुल 84 रुपये थमाये. इस बारे में पराग शाह ने खुद जानकारी दी है. उन्होंने बताया था कि उनके जैन गुरु ने एक दिन के लिए भिखारी बनने की सलाह दी थी और उसके बाद ही ऐसा फैसला लिया था. पराग शाह का कहना है कि मैंने 4 घंटे तक मुंबई की सड़कों पर भीख मांगी और इस दौरान लोगों ने मुझे कुल 84 रुपये दिए. उन्होंने इस दौरान के अपने अनुभव के बारे में भी बताया है. पराग शाह ने कहा कि भिखारी बनकर घूमने के दौरान मुझे अनुभव हुआ कि मैं सिर्फ एक साधारण मनुष्य हूं. मेरी कोई जाति या धर्म नहीं है. बता दें कि भाजपा विधायक 3 हजार 383 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं.

उन्होंने बताया, ‘मैं घर से गया और रेलवे स्टेशन पर बैठ गया. इस दौरान पुलिस मुझे संदेह की नजर से देख रही थी. एक महिला ने मुझे किचन में इस्तेमाल होने वाला सामान दिया. इसे मैंने एक पुलिस अधिकारी को दे दिया. इसके बाद शाम को मैं वही आइटम पराग शाह के रूप में लेने गया.’ उन्होंने कहा कि मेरे गुरुदेव श्री नम्रमुनि महाराज के कहने पर मैंने एक दिन के लिए भिखारी बनना तय किया. इस अनुभव ने मुझे जिंदगी की कई महत्वपूर्ण सीख दी हैं. इस दौरान उन्होंने लोगों के बर्ताव के बारे में भी बताया.

विधायक ने कहा कि हम भागदौड़ भरी जिंदगी में भूल जाते हैं कि वास्तव में इंसान क्या है. उन्होंने कहा कि अकसर हम लोगों को उनकी दौलत, पद और प्रतिष्ठा के अनुसार चीजों को समझते हैं. पराग शाह ने मुंबई के लोगों की तारीफ भी की. उन्होंने कहा कि मुंबई के लोगों ने मेरा दिल जीत लिया. कई लोगों ने मेरी मदद के लिए हाथ बढ़ाया. आखिर मदद मांगने वाला व्यक्ति कौन है, यह जाने बिना ही कुछ लोगों ने हेल्प की. यही सच्ची मानवता है, जब बिना किसी स्वार्थ के मदद की जाए. बिना कोई अपेक्षा रखे मदद की जाए. इस अनुभव ने मुझे बताया कि मुंबई सिर्फ सपनों का ही शहर नहीं है बल्कि मानवता का भी शहर है. उन्होंने कहा कि यह अनुभव मुझे पूरी जिंदगी याद रहेगा.