मुंबई । निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म की रिलीज से पहले लॉस एंजिल्स के ‘अकादमी म्यूजियम ऑफ मोशन पिक्चर्स’ स्थित ‘डेविड गेफेन थिएटर’ में इसका शानदार प्रीमियर आयोजित किया गया। इस ग्रैंड प्रीमियर में रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी समेत कई बड़े सितारे शामिल हुए। स्क्रीनिंग खत्म होने के तुरंत बाद दर्शकों और फिल्म क्रिटिक्स ने सोशल मीडिया पर अपने पहले रिव्यू साझा करने शुरू कर दिए हैं, जिसमें फिल्म की जमकर तारीफ हो रही है।
👉विजुअल्स और एक्शन ने खींचा ध्यान

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए रिव्यूज में दर्शकों ने फिल्म के भव्य स्वरूप की सराहना की है। एक यूजर ने लिखा कि ‘रामायण: राइज ऑफ ए लेजेंड’ शानदार थी और इसके विजुअल्स, डांस, म्यूजिक व एक्शन सभी बहुत ही ग्रैंड हैं। कई अन्य फिल्म समीक्षकों का कहना है कि इस जॉनर में रामायण के सीजी (CG) कैरेक्टर्स अब तक के सबसे बेहतरीन कार्यों में से एक हैं।
👉रणबीर और यश के काम की सराहना

फिल्म में राजकुमार राम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर के अभिनय की विशेष रूप से तारीफ हो रही है। फिल्म क्रिटिक थेरेसा सिमोनि ने लिखा कि राजकुमार राम के किरदार में रणबीर कपूर का काम जबरदस्त है, जिसे देखकर आंखें भर आईं और यह एक भूला न जा सकने वाला अनुभव है। वहीं, रावण का किरदार निभा रहे कन्नड़ सुपरस्टार यश के अभिनय को लेकर भी सकारात्मक प्रतिक्रियाएं आई हैं, जिसमें उनके आक्रामक अंदाज और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस की सराहना की गई है।
👉भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्म

लगभग 4,000 करोड़ रुपये के बजट में दो भागों में बन रही ‘रामायण’ भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल है। फिल्म में रणबीर कपूर (भगवान राम), साई पल्लवी (माता सीता) और यश (रावण) के अलावा सनी देओल (भगवान हनुमान), रवि दुबे (लक्ष्मण), लारा दत्ता (कैकेयी), काजल अग्रवाल (मंदोदरी) और रकुल प्रीत सिंह (शूर्पणखा) जैसे दिग्गज कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का पूरा और विस्तृत रिव्यू शुक्रवार को सामने आएगा।
