मुंबई। मुंबई के जुहू इलाके में हुई गोलीबारी की घटना के बाद रविवार रात महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से उनके घर पर मुलाकात की। उन्होंने अभिनेता और उनके परिवार को राज्य सरकार की ओर से पूरा समर्थन देने का भरोसा दिलाया।

मुलाकात की तस्वीरों में टाइगर श्रॉफ के हाथ पर पट्टी बंधी दिखी और उनके कंधे तथा छाती पर भी मरहम-पट्टी लगी थी। मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए शिंदे ने बताया कि घटना के दौरान पांच राउंड फायरिंग हुई थी, लेकिन अभिनेता सुरक्षित हैं।
उन्होंने आगे बताया कि बारूद और कांच के टुकड़ों की वजह से टाइगर श्रॉफ के बाएं हाथ में चोटें आई हैं, जबकि इस घटना में उनका ड्राइवर भी घायल हो गया है। शिंदे ने कहा, “यह एक गंभीर घटना है। पांच राउंड फायरिंग हुई, लेकिन अच्छी बात यह है कि वह सुरक्षित हैं। उनके ड्राइवर को चोटें आई हैं और यह घटना निंदनीय है। मैंने अभिनेता से मुलाकात की। बारूद और कांच के टुकड़ों की वजह से उनके बाएं हाथ में चोटें आई हैं। वह और उनकी मां दोनों काफी डरे हुए हैं। मैंने उन्हें भरोसा दिलाया है कि राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है। किसी भी तरह की धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
रविवार शाम को जब टाइगर एक फुटबॉल क्लब से बाहर निकल रहे थे, तब गोली चलने की खबरें सामने आईं। इसके बाद उनका हाल-चाल जानने के लिए शिंदे उनसे मिलने पहुंचे। इस मुलाकात के दौरान उनकी मां आयशा श्रॉफ भी मौजूद थीं। बाद में अभिनेत्री दिशा पाटनी भी घर पहुंचीं।
