मुम्बई। मुम्बई इंडियंस ने अपने कप्तान के रूप में रोहित शर्मा के नाम पर मुहर लगा दी है. फ्रेंचाइजी ने आज 5 बजकर 45 मिनट पर इसकी आधिकारिक घोषणा की. रोहित 2013 में पहली बार एमआई के कप्तान चुने गए थे, जिसके बाद उन्होंने टीम को 5 बार चैंपियन बनाया.
2024 से पहले टीम ने उन्हें कप्तानी से हटाकर हार्दिक पांड्या को कमान सौंपी थी, लेकिन वह उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे. पांड्या ट्रेड के जरिए पंजाब में चले गए हैं. एक बार फिर कप्तानी मिलने पर रोहित ने कहा, “मुंबई इंडियंस मेरी ज़िंदगी का एक बहुत बड़ा हिस्सा रही है, और इस टीम की कप्तानी करने पर मुझे हमेशा से बहुत गर्व रहा है.”

रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को पहला खिताब साल 2013 में जिताया था. इसके बाद 2023 तक वह फ्रेंचाइजी के कप्तान रहे, इस बीच टीम ने 2015, 2017, 2019 और 2020 संस्करण जीता. जब उन्हें कप्तानी से हटाया गया था, तब भी काफी विवाद हुआ था. मुंबई के फैंस इससे नाखुश थे, यहां तक कि स्टेडियम में भी पांड्या के प्रति विरोध देखने को मिला.
2024 में हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस 10वें स्थान, यानी सबसे नीचे रही. 2025 में टीम तीसरे स्थान पर रही, लेकिन क्वालीफायर-2 हार गई. पिछले संस्करण एक बार फिर टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा, टीम नौवें स्थान पर रही. 14 में से टीम ने 10 मैच हारे. नतीजा ये हुआ कि पांड्या और एमआई के रास्ते अलग-अलग हो गए. इसके बाद टीम को नए कप्तान की तलाश थी. फ्रेंचाइजी एक बार फिर रोहित के साथ गई है.
नीता अंबानी ने कहा, ‘हमने 2011 में रोहित के लिए बोली लगाई थी, और उसी पल से वह हमारे मुंबई इंडियंस परिवार का हिस्सा बन गए. मुझे आज भी वह युवा रोहित याद है जो हमारे साथ जुड़ा था. इतने सालों में उसे एक क्रिकेटर, चैंपियन, लीडर और एक बेहतरीन पारिवारिक इंसान के रूप में आगे बढ़ते देखना हमारे लिए बहुत खुशी और सौभाग्य की बात रही है.”
उन्होंने आगे कहा, ‘मुंबई इंडियंस के 20वें सीजन का जश्न मनाते हुए, रोहित को एक बार फिर टीम की कमान संभालते देखना हम सभी के लिए बहुत खास पल है. इतने सालों में उन्होंने हमें कई शानदार यादें दी हैं, और मैं जानती हूँ कि हमारी ‘पलटन’ के लिए वह कितने मायने रखते हैं. मुझे उम्मीद है कि यह नया अध्याय उनके लिए, हमारी टीम के लिए और मुंबई इंडियंस को प्यार करने वाले लाखों फैंस के लिए गर्व के और भी कई पल लेकर आएगा. रोहित, हम सब आपका हौसला बढ़ा रहे हैं!’
👉रोहित की कप्तानी में मुंबई ने जीते 5 IPL खिताब
रोहित शर्मा ने 2013 में पहली बार मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभाली थी. उनकी अगुआई में टीम ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में IPL खिताब जीते. हालांकि, 2023 के बाद फ्रेंचाइजी ने उन्हें कप्तानी से हटा दिया था और हार्दिक पंड्या को यह जिम्मेदारी सौंपी थी.
हार्दिक की कप्तानी में भी मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा. टीम 2024 में दसवें और 2026 में नौवें स्थान पर रही. 2025 में मुंबई ने क्वालिफायर-2 तक का सफर तय किया था, लेकिन फाइनल में जगह नहीं बना सकी.
👉IPL में दूसरे सबसे ज्यादा रन

बनाने वाले बल्लेबाज हैं रोहित
रोहित शर्मा IPL में अब तक 281 मैच खेल चुके हैं. उनके नाम 7,329 रन दर्ज हैं. इस दौरान उन्होंने दो शतक और 49 अर्धशतक लगाए हैं. वह IPL इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं.
इस मामले में उनसे आगे सिर्फ विराट कोहली हैं. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विराट ने 283 मैचों में 9,336 रन बनाए हैं. उनके नाम 9 शतक और 68 अर्धशतक हैं.
👉मुंबई इंडियंस स्क्वॉड
आईपीएल 2027 के लिए ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में है. इससे पहले मुंबई इंडियंस ने 16 खिलाड़ियों को रिटेन किया है, इसमें ट्रेड के जरिए आए अर्शदीप सिंह भी हैं.
रोहित शर्मा(कप्तान), सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह, तिलक वर्मा, नम धीर, अश्वनी कुमार, कोर्बिन बॉश, मिचेल सैंटनर, क्विंटन डिकॉक, रघु शर्मा, राज अंगद बावा, रयान रिकेल्टन, शार्दुल ठाकुर, शेरफेन रदरफोर्ड, विल जैक्स, अर्शदीप सिंह (ट्रेड इन)
