रायपुर। राजधानी रायपुर में नाबालिग से दुष्कर्म और गर्भपात कराने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में NIT से पढ़ाई पूरी कर चुके राजस्थान के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दौसा निवासी हिमांशु जाटव के रूप में हुई है। आरोप है कि रायपुर में पढ़ाई के दौरान उसकी पहचान 16 वर्षीय छात्रा से हुई थी। इसी दौरान दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और युवक ने कथित तौर पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित छात्रा के परिजनों के साथ थाने पहुंचकर इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करायी है, जिस पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, हिमांशु जाटव NIT में पढ़ाई के दौरान रायपुर के डीडीनगर थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था। पढ़ाई पूरी होने के बाद वह रायपुर छोड़कर दिल्ली चला गया था। इसी बीच नाबालिग छात्रा ने उसे फोन कर अपने गर्भवती होने की जानकारी दी। यह खबर मिलने के बाद आरोपी दिल्ली से रायपुर आया। आरोप है कि उसने नाबालिग का गर्भपात भी कराया। हालांकि, गर्भपात कहां और किसकी मदद से कराया गया, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जब पीड़िता के परिजनों को मिली, तो उन्होंने डीडीनगर थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी हिमांशु जाटव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। अब पुलिस कथित गर्भपात कहां कराया गया, इसमें कौन-कौन शामिल था और इससे जुड़े साक्ष्य क्या हैं, इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। नाबालिग से जुड़े इस मामले में पुलिस की जांच जारी है। आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।
