बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सरकारी धान के स्टॉक में बड़ी कमी मिलने के बाद खाद्य विभाग ने दो राइस मिलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। कोटा स्थित राजमुनि एग्रो राइस मिल और बहतराई स्थित पार्वती राइस मिल के गोदामों की जांच में कुल 39,716.4 क्विंटल धान कम पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने दोनों मिलों को सील कर दिया। पार्वती राइस मिल परिसर से 29,150 क्विंटल धान और 1,600 क्विंटल चावल भी जब्त किया गया है।
👉2 मिलों में स्टॉक की जांच, भारी मात्रा में धान कम

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत कस्टम मिलिंग के लिए सरकारी धान उठाने के बाद भी कई मिलर नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम (FCI) में चावल जमा नहीं कर रहे थे। गड़बड़ी की आशंका पर कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर गुरुवार को खाद्य विभाग की अलग-अलग टीमों ने जांच अभियान चलाया।
कोटा स्थित राजमुनि एग्रो राइस मिल में सहायक खाद्य अधिकारी अजय कुमार मौर्य और निरीक्षक आशीष दीवान, ललिता शर्मा तथा वसुधा राजपूत की टीम ने स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। जांच में मिल के रिकॉर्ड और उपलब्ध स्टॉक के बीच 36,916.4 क्विंटल धान की कमी पाई गई।
👉पार्वती राइस मिल से धान और चावल जब्त
बहतराई स्थित पार्वती राइस मिल में खाद्य अधिकारी राजीव लोचन तिवारी और निरीक्षक मंगेश कांत तथा वर्षा सिंह की टीम ने जांच की। यहां भी 2,800 क्विंटल धान कम मिला। इसके बाद प्रशासन ने मिल परिसर में उपलब्ध 29,150 क्विंटल धान और 1,600 क्विंटल चावल जब्त कर लिया। दोनों मिलों में कुल 39,716.4 क्विंटल धान कम मिलने के बाद उनके गोदामों के शटर बंद कर सील कर दिए गए। खाद्य विभाग ने दोनों मिल संचालकों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
👉20 अन्य मिलरों को कारण बताओ नोटिस
कार्रवाई केवल दो मिलों तक सीमित नहीं रही। चावल जमा करने में देरी और आनाकानी करने वाले 20 अन्य मिलरों को भी खाद्य विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस पाने वालों में सरदार एग्रो इंडस्ट्रीज तखतपुर, मेसर्स राजमुनि फूड्स, मेसर्स शंकर राइस प्रोडक्ट्स, मेसर्स राजमुनि एग्रो, ओंकार फूड्स, श्री कैलाश राइस दाल मिल, श्री श्री इंडस्ट्रीज, गोयल राइस मिल बिल्हा, नवरंग राइस मिल, बालकृष्ण फूड्स, श्री रानीसती एग्रोटेक, साईं एग्रो इंडस्ट्रीज, लक्ष्मी फूड प्रोडक्ट्स, शिव शंकर एग्रो इंडस्ट्रीज, शंकर पोहा उद्योग, सरस्वती एग्रो इंडस्ट्रीज, श्री श्याम एग्रो, सिंह एग्रो प्रोडक्ट, ओम राइस मिल और रघुबीर राइस मिल शामिल हैं।
👉खाद्य विभाग ने दी आगे भी जांच जारी रखने की चेतावनी
बिलासपुर के खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि नागरिक आपूर्ति निगम में समय पर चावल जमा कराना विभाग की प्राथमिकता है। भौतिक सत्यापन के दौरान भारी मात्रा में धान कम मिलने पर दो मिलों को सील कर प्रकरण दर्ज किया गया है। लापरवाही बरतने वाले 20 अन्य मिलरों को भी नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी धान और कस्टम मिलिंग से जुड़े स्टॉक की जांच आगे भी जारी रहेगी। अब संबंधित मिल संचालकों के जवाब और विभागीय जांच के निष्कर्षों पर आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी।
