‘रामायण 2’ नमित मल्होत्रा ने हनुमान को बताया भारत का आयरन मैन,सन्नी देओल की भूमिका को लेकर कही यह बड़ी बात …

मुंबई । रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर निर्देशक नितेश तिवारी की बहुचर्चित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ सिनेमाघरों में ऐतिहासिक प्रदर्शन कर रही है। महज 17 से 18 दिनों के भीतर ही इस फिल्म ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर करीब 1,700 करोड़ रुपये (ग्रॉस) का जादुई आंकड़ा छूकर भारतीय सिनेमा में नए कीर्तिमान स्थापित कर दिए हैं।

हालांकि, दर्शक इस महाकाव्य की मूल कहानी से भली-भांति परिचित हैं, लेकिन फिल्म के अंत में मिड-क्रेडिट सीन के दौरान सनी देओल की ‘भगवान हनुमान’ के रूप में एक झलक और उनके मुख से गूंजते ‘जय श्री राम’ के जयकारे ने सीक्वल को लेकर रोमांच को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।

हाल ही में फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी और सिनेमैटोग्राफर पंकज कुमार ने अलग-अलग इंटरव्यू में ‘रामायण: पार्ट 2’ की भव्यता, सनी देओल की कास्टिंग और सीक्वल की बदली हुई रिलीज डेट को लेकर कई दिलचस्प खुलासे किए हैं।

👉हनुमान को बताया ‘भारत का आयरन मैन’

गोल्ड डर्बी से बातचीत के दौरान निर्माता नमित मल्होत्रा ने भगवान हनुमान के किरदार की लोकप्रियता की तुलना हॉलीवुड के सबसे बड़े सुपरहीरो ‘आयरन मैन’ से की। नमित ने कहा कि रामायण के पूरे महाकाव्य में हनुमान सबसे अधिक प्रिय और पूजनीय पात्र हैं। भारत में उनकी लोकप्रियता ठीक वैसी ही है, जैसी दुनिया भर में आयरन मैन की है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पहले भाग में हनुमान की केवल एक संक्षिप्त झलक दिखाने का फैसला पूरी तरह से सोचा-समझा था। मेकर्स चाहते थे कि दर्शक इस उत्सुकता के साथ थिएटर से बाहर निकलें कि अब भगवान राम आगे क्या करेंगे, ताकि दूसरे भाग में हनुमान के आगमन से कहानी को एक नई और विशाल ऊंचाई मिल सके।

👉दारा सिंह के बाद सनी देओल ही क्यों बने पहली पसंद?

भारतीय सिनेमा के इतिहास में दिवंगत अभिनेता दारा सिंह द्वारा निभाए गए हनुमान के किरदार को आज भी मील का पत्थर माना जाता है। ऐसे में इस अमर किरदार के लिए सनी देओल को चुनने के पीछे की वजह बताते हुए निर्देशक नितेश तिवारी ने कहा कि हनुमान के चरित्र में दो विपरीत गुणों का अद्भुत संगम चाहिए-एक तरफ बच्चों जैसी मासूमियत और विनम्रता, तो दूसरी तरफ क्रोध आने पर पहाड़ों को भी हिला देने वाली प्रचंड शक्ति।

नितेश के मुताबिक, सनी देओल की पर्दे पर छवि बिल्कुल ऐसी ही है। वहीं, नमित मल्होत्रा ने भी इस बात पर सहमति जताते हुए कहा कि सनी देओल ने अपने करियर में कई ऐसे किरदार निभाए हैं, जहां वे बेहद शांत और मासूम दिखने के बाद रौद्र रूप धारण कर लेते हैं। उन्होंने भले ही कभी कोई सुपरहीरो फिल्म न की हो, लेकिन दर्शक उन्हें किसी महानायक की तरह ही पूजते हैं।

👉60 प्रतिशत शूटिंग पूरी, अब दिवाली 2028 पर टिकी निगाहें

फिल्म के सिनेमैटोग्राफर पंकज कुमार ने वैरायटी इंडिया और द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया से बातचीत में बताया कि पहले भाग की स्क्रिप्ट में ही हनुमान की एंट्री को एक छोटे से टीजर के रूप में लिखा गया था। उन्होंने खुलासा किया कि ‘रामायण: पार्ट 2’ की लगभग 60 प्रतिशत शूटिंग पहले ही पूरी की जा चुकी है और सनी देओल के साथ कई बेहद शानदार और रोंगटे खड़े कर देने वाले एक्शन सीक्वेंस फिल्माए जा चुके हैं।

गौरतलब है कि पहले ‘रामायण: पार्ट 2’ को साल 2027 में रिलीज करने की योजना थी, लेकिन अब मेकर्स ने इसे आधिकारिक तौर पर दिवाली 2028 तक के लिए आगे बढ़ा दिया है। पंकज कुमार के अनुसार, सीक्वल का स्केल पहले भाग की तुलना में कई गुना बड़ा होने वाला है और इसमें बड़े पैमाने पर विश्व-स्तरीय वीएफएक्स और मोशन कैप्चर तकनीक का काम अभी बाकी है। दर्शकों को एक बेहतरीन विजुअल अनुभव देने के लिए ही टीम ने एक अतिरिक्त साल लेने का निर्णय लिया है।