एजेंसी । सोशल मीडिया पर गोरा होने, पिंपल्स हटाने और चेहरे के दाग साफ करने के दावे वाले प्रोडक्ट्स का प्रचार तेजी से बढ़ रहा है। लेकिन ऐसे प्रोडक्ट बिना जांच इस्तेमाल करना कितना खतरनाक हो सकता है, इसका एक गंभीर मामला केरल से सामने आया है।
यहां 17 साल की एक लड़की कथित तौर पर सोशल मीडिया पर प्रमोट की गई फेयरनेस क्रीम इस्तेमाल करने के बाद किडनी की बीमारी से जूझ रही है।

लड़की का इलाज कोझिकोड के एरीकोड स्थित एस्टर MIMS मदर हॉस्पिटल में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उसके शरीर और खून में पारे (Mercury) की मात्रा काफी ज्यादा मिली। जांच में लड़की जिस क्रीम का इस्तेमाल कर रही थी, उसमें भी पारे की खतरनाक मात्रा पाई गई। डॉक्टरों का दावा है कि इस जहरीले केमिकल के संपर्क में आने से उसकी किडनी को नुकसान पहुंचा। मामले में परिवार कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। हालांकि, क्रीम का नाम अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।
👉Instagram Influencers के एड से कैसे खरीदी क्रीम?
17 साल की लड़की ने बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर कुछ इन्फ्लुएंसर्स के वीडियो देखे थे। इन वीडियो में एक क्रीम को पिंपल्स, काले धब्बे और पिगमेंटेशन हटाने के लिए असरदार बताया गया था। इन दावों से प्रभावित होकर उसने प्रोडक्ट खरीदने का फैसला किया।
लड़की ने इंस्टाग्राम पर दिए गए व्हाट्सऐप नंबर के जरिए विक्रेता से संपर्क किया और क्रीम ऑर्डर की। शुरुआत में उसे लगा कि प्रोडक्ट असर दिखा रहा है। इसके बाद उसने करीब एक साल तक कई बार क्रीम मंगाई और इस्तेमाल करती रही।
लेकिन धीरे-धीरे उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। अचानक ब्लड प्रेशर गिरने लगा और उसे बेहोशी आने लगी। पैरों में सूजन बढ़ गई। हालत ऐसी हो गई कि चलने और सीढ़ियां चढ़ने में भी परेशानी होने लगी। इसके बाद परिवार उसे अस्पताल लेकर पहुंचा।
👉क्रीम में मिला 12,500 ppm पारा, तय सीमा से कई गुना ज्यादा
डॉक्टरों ने लड़की की मेडिकल जांच की तो उसके शरीर में पारे की मात्रा काफी ज्यादा मिली। इसके बाद इस्तेमाल की जा रही क्रीम की भी जांच कराई गई। अस्पताल के मुताबिक, केंद्र सरकार से मान्यता प्राप्त लैब की जांच में क्रीम के अंदर 1.25 फीसदी पारा यानी 12,500 पार्ट्स प्रति मिलियन (ppm) पाया गया।
कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स में पारे की मात्रा 1 ppm से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। इस क्रीम में पारा तय सीमा से कई गुना ज्यादा था। डॉक्टरों के मुताबिक, कॉस्मेटिक में पारे का इस्तेमाल प्रतिबंधित है और यह शरीर के लिए जहरीला साबित हो सकता है।
👉पारे से कैसे खराब हुई लड़की की किडनी?
लड़की का इलाज कर रहीं नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. एस गौरी के मुताबिक, शरीर में पहुंचा पारा किडनी के फिल्टर सिस्टम को नुकसान पहुंचा सकता है। किडनी का काम खून से गंदगी और अतिरिक्त पदार्थों को छानकर बाहर निकालना है। लेकिन पारे के संपर्क में आने से इसके फिल्टरिंग यूनिट प्रभावित हो सकते हैं।
डॉक्टरों ने लड़की में मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी (Membranous Nephropathy) की पहचान की है। यह किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारी है, जिसमें फिल्टर करने वाली झिल्लियों को नुकसान पहुंचता है और पेशाब के जरिए बड़ी मात्रा में प्रोटीन निकलने लगता है।
डॉक्टरों ने चेतावनी दी कि सही वक्त पर इलाज नहीं मिलने पर किडनी को स्थायी नुकसान पहुंच सकता है। गंभीर मामलों में किडनी फेल होने और नर्वस सिस्टम से जुड़ी दिक्कतों का खतरा भी रहता है।
👉लड़की की हालत अब कैसी है, परिवार करेगा कानूनी कार्रवाई?
अस्पताल की मेडिकल टीम ने लड़की को शरीर से जहरीले पदार्थ निकालने के लिए केलेशन थेरेपी (Chelation Therapy) दी। इसके साथ किडनी से जुड़ी दिक्कतों को कंट्रोल करने के लिए जरूरी इलाज भी किया गया। फिलहाल लड़की की हालत में सुधार हो रहा है और नेफ्रोलॉजी विभाग की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
लड़की ने दावा किया कि उसने कंपनी को अपनी तबीयत बिगड़ने की जानकारी दी थी। शुरुआत में कंपनी की तरफ से वरिष्ठ अधिकारियों तक बात पहुंचाने का भरोसा दिया गया, लेकिन बाद में उसके मैसेज का जवाब मिलना बंद हो गया।
परिवार अब कंपनी के खिलाफ कंज्यूमर कोर्ट में कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। लड़की के पिता ने भी क्रीम बेचने और बाजार में उतारने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने फिलहाल क्रीम का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। डॉक्टरों ने लोगों को सोशल मीडिया पर तुरंत गोरा करने या त्वचा की परेशानी दूर करने का दावा करने वाले प्रोडक्ट्स से सावधान रहने को कहा है। पिंपल्स, दाग या पिगमेंटेशन होने पर बिना जांच क्रीम इस्तेमाल करने के बजाय त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर है।
