एजेंसी । बागेश्वर धाम के पीठाधीश धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीकृष्ण पर दिए गए बयान के बाद सियासी गलियारों में खूब बवाल हुआ। अब योगगुरु बाबा रामदेव भी इस विवाद में कूद गए हैं। उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान ना केवल बाबा बागेश्वर को धूर्त और पाखंडी बता दिया बल्कि उनका जमकर मजाक भी बनाया।
उन्होंने कहा कि कि इन कथावाचकों ने ना तो वेद पढ़े और ना महाभारत। उन्होंने कहा कि ये कहते हैं कि राम महान हैं और कृष्ण टेढ़े-मेढ़े हैं।
👉रामदेव ने बाबा बागेश्वर को बताया पाखंडी
रामदेव ने कहा, ‘कुछ लोग ना वेद पढ़ें हैं और ना दर्शन उपनिषद पढ़े। ना रामायण पढ़ी ना महाभारत। ना संविधान को जानते हैं और ना लोकतंत्र को जानते हैं। बस खड़े होकर कुछ ना कुछ बकवास करते रहते हैं। वे कहते हैं कि हम सनातन को बचाएंगे। हम हिंदू धर्म को बचाएंगे। पाखंडी कहीं के धूर्त।’
👉देवी-देवताओं की हंसी उड़ाना गलत-रामदेव

रामदेव इतने पर ही नहीं रुके। उन्होंने कहा, गलत बातों के साथ अपने आप को ना जोड़े। सनातन का छोटा सा पक्ष लेकर भीड़ को उत्तेजित करने वाले। ढोंगी पाखंडी कथाकार। धर्म के नाम पर भूत-प्रेत बाधा के नाम पर ठगने वाले लोग। मैं चाहूं तो दो मिनट में भूत घुसा सकता हूं। थोड़े बाल फैलाकर नाटक करना होता है। भूत प्रेत बाधा आ गई और फिर पानी छिड़क दो और हो गया काम। जो देवी देवताओं में तुलना करे और कहे कि राम महान हैं और कृष्ण तो टेढ़े हैं। पहले माफी मांग ली और फिर
बांके बिहारी में मत्था टेक लिया और फिर कहता है कि कृष्ण तो टेढ़े ही हैं। हर चीज की एक मर्यादा है और एक प्रोटोकॉल है। हंसी मजाक में भी अपनी अवतारी शक्तियों का अपमान नहीं कर सकते।
रामदेव ने कहा, पहले हम समझाते हैं और ना समझे तो मंच पर बोलना पड़ता है। इसलिए मंच से हमने ठोका है। लोगों को पता लगना चाहिए कि सनातन के नाम पर तुम ढोंग, आडंबर और पाखंड नहीं कर सकते।
👉 जानें क्या है पूरा विवाद
दरअसल एक कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण के बीच तुलना की थी। और कहा था कि तुम्हारे कृष्ण तो टेढ़े-मेढ़े हैं जबकि हमारे राम सीधे हैं। कृष्ण तो खड़े भी टेढ़े होते हैं। उनके इस बयान पर अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने आपत्ति जताई और यहां तक कहा कि उनके बयान के पीछे किसी और का हाथ है और वे हिंदुओं में फूट डलवाना चाहते हैं। इसी के बाद बाबा बागेश्वर की कुंडा में रामकथा हुई। इसके आयोजक राजा भैया थे। राजा भैया खुद उन्हें अपनी कार में बैठाकर प्रयागराज से कुंडा लाए और कहा कि जिसकी औकात है रोक ले। ऐसे मे इस मामले को लेकर सियासी पारा चढ़ गया। कथा के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री वृंदावन पहुंचे और अखिलेश यादव से कहा कि अगर वह कृष्ण भक्त हैं तो मथुरा -वृंदावन आएं।
