CG : प्रेम प्रसंग को लेकर 2 परिवारों के बीच खूनी संघर्ष ,मन्नू कश्यप की चाकू मारकर हत्या,3 आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर में प्रेम प्रसंग को लेकर दो परिवारों के बीच चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के पनारा पारा में एक लड़की को लेकर हुए विवाद के दौरान मन्नू कश्यप की धारदार चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में शामिल दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी जब्त कर लिया है।

👉प्रेम प्रसंग को लेकर 2 परिवारों में चल रहा था विवाद

पुलिस के अनुसार, पनारा पारा इलाके में दोनों परिवार एक ही मोहल्ले में रहते हैं। दो बच्चों के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर उनके परिवारों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। शुरुआत में कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते गाली-गलौज शुरू हो गई और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

👉मन्नू कश्यप पर धारदार चाकू से किया हमला

विवाद के दौरान मन्नू कश्यप पर धारदार चाकू से कई वार किए गए। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद हत्या की वारदात में बदल गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मौके से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान के लिए कार्रवाई की।

👉एसपी के निर्देशन में पुलिस की कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार

बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा के निर्देशन में मामले की जांच की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक अंशिका जैन के पर्यवेक्षण में कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

पुलिस ने मामले में सरिता बघेल, झितरू बघेल और शोभा बघेल को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में शामिल दो नाबालिगों को भी निरुद्ध किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू जब्त किया गया।

👉3 आरोपी जेल भेजे गए, नाबालिग किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश

कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के मुताबिक, गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं, दोनों नाबालिगों के खिलाफ किशोर न्याय कानून के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।