कोरबा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में एक झटके में 993 रुपए की बढ़ोतरी की कड़ी निंदा की है। वृद्धि के बाद देश में एक कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत अब 3100 के पार पहुंच गई है।

सीपीआई जिला सचिव पवन कुमार वर्मा ने कहा कि ईंधन की कीमतों में यह बेलगाम बढ़ोतरी केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों का पर्दाफाश करती है। वैश्विक परिस्थितियों का हवाला देकर सरकार अपनी नाकामी छिपा रही है और इसका सारा बोझ आम जनता के कंधों पर डाल रही है। मूल्यवृद्धि का सीधा असर देशभर के होटलों, ढाबों, रेस्तरां, छात्रावासों, पीजी आवासों और छोटे-छोटे भोजनालयों पर पड़ेगा। नतीजा यह होगा कि चाय से लेकर थाली तक सब महंगी हो जाएगी और आम आदमी की रसोई का बजट बिगड़ जाएगा। महंगाई की मार पहले से झेल रही जनता पर यह दोहरी मार है।
श्री वर्मा ने आरोप लगाया कि मतदान समाप्त होने के ठीक अगले दिन लिया गया यह फैसला सीपीआई की उस आशंका को सच साबित करता है। सरकार को जनता की आजीविका से कोई सरोकार नहीं है, उसे केवल चुनावी लाभ से मतलब है। वोट पड़ते ही जनता पर यह क्रूर हमला कर दिया गया। यह सरासर अन्याय और धोखा है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने फैसले का पुरजोर विरोध किया है और केंद्र सरकार से मांग की है कि मेहनतकश जनता पर किए गए इस हमले को तत्काल वापस लिया जाए। अन्यथा पार्टी सड़क पर उतरकर व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
