कोरबा। बांकीमोंगरा नगर के डेली मार्केट को संवारने पुन: निर्माण कराने नोटिस थमाने पर भडक़े सब्जी विक्रेताओं ने नगर पालिका बांकीमोंगरा दफ्तर के मुख्य गेट पर धरना दिया। भाजपा नेता भागवत विश्वकर्मा के नेतृत्व में लगभग घंटेभर आंदोलन चला। इस दौरान नगर प्रशासन ने प्रतिनिधि मंडल को चर्चा के लिए बुलाया, लेकिन सब्जी व्यवसायियों व प्रशासन के बीच सहमति नहीं बनने से बिना किसी नतीजे के आंदोलन समाप्त हुआ। अब नई रूपरेखा तय कर डेली मार्केट के सब्जी विक्रेताओं ने आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया है।

विक्रेताओं ने कहा कि नगर का डेली मार्केट लगभग 25 साल पुराना है। कई सब्जी विक्रेताओं के परिवार की आजीविका डेली मार्केट से हो रही है। इसका पुन: निर्माण कराकर संवारने सब्जी विक्रेताओं को नोटिस थमाया गया है। दूसरी ओर भाजपा नेता विश्वकर्मा के नेतृत्व में नगर पालिका दफ्तर के मुख्य गेट पर धरना देकर सब्जी व्यवसायियों की मांग दो पार्ट में डेली मार्केट के पुन: निर्माण कराने की है। लेकिन नगर पालिका प्रशासन से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। नोटिस पर संतोषजनक जवाब देकर स्पष्टीकरण की मांग व्यवसायियों की है। इनकी सबसे बड़ी चिंता डेली मार्केट के स्थान पर काम्लेक्स के निर्माण की चर्चा भी है। इससे सब्जी विक्रेताओं को उनके रोजगार का विकल्प छीनने का भी डर सताने लगा है। यही कारण है कि स्पष्टीकरण की मांग कर नगर पालिका के खिलाफ मोर्चा खोला। सब्जी विक्रेताओं ने कहा मंगलवार की दोपहर 3.30 बजे से लगभग घंटेभर चले आंदोलन के बाद नगर पालिका प्रशासन की प्रतिनिधि मंडल से चर्चा भी हुई। लेकिन कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया और बिना किसी नतीजे के चर्चा समाप्त हो गई। सब्जी विक्रेता अब आगे रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
