KORBA : सुशासन तिहार, 16 को लेमरू आएंगे सरकार ,CM की संभावित आगमन को लेकर शिविर की तैयारियों में जुटा प्रशासन …..

कोरबा। जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 16 मई को लेमरू पंचायत में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं और संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, प्रदेश के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के शिविर में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर लेमरू क्षेत्र में उतर सकता है, जिसके बाद वे सीधे शिविर स्थल पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनका निरीक्षण कर मुख्यमंत्री द्वारा योजनाओं की जानकारी भी ली जा सकती है। इसमें राजस्व, पंचायत, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल, राशन, आवास और सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़ी शिकायतों एवं आवेदनों का मौके पर निराकरण किया जाएगा।

प्रशासन का दावा है कि इस शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है और सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।