कोरबा। बालको थाना क्षेत्र में 19 फरवरी को एकतरफा प्यार में युवती के पिता पर गोली चलाने की सनसनीखेज घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुख्य आरोपी साहिल मासी की गिरफ्तारी के बाद अब उसे देसी कट्टा उपलब्ध कराने वाले उसके सहयोगी विवेक राजपूत को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, विवेक राजपूत लंबे समय से फरार चल रहा था। आरोपी पोड़ी बहार का निवासी है और उसी ने वारदात में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा साहिल को उपलब्ध कराया था। लगातार तलाश के बाद बालको पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी युवराज तिवारी, इमरान खान, आरक्षक रामेश्वर यादव और आरक्षक हेमशरण की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम की सक्रियता से अब इस चर्चित गोलीकांड की परतें खुलने लगी हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार विवेक राजपूत का आपराधिक रिकॉर्ड पुराना है। वह बांगो थाना क्षेत्र में डकैती के एक मामले में पहले जेल जा चुका है। उसके खिलाफ अन्य मामलों की जानकारी भी पुलिस जुटा रही है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अवैध हथियारों के किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हुआ है या नहीं। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
