CG : वर्दी में बॉलीवुड गाने पर रील बनाना पड़ा भारी,DIG हुए सख्त,फरसाबहार TI को किया लाइन अटैच,सोशल मीडिया पर VIDEO वायरल होने के बाद की कार्रवाई …

जशपुर । जिले में पुलिस की वर्दी पहनकर बॉलीवुड गाने पर रील बनाना फरसाबहार थाना प्रभारी को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जशपुर डीआईजी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने कार्रवाई करते हुए टीआई कोमल नेताम को लाइन अटैच कर दिया है।

दरअसल, फरसाबहार थाना प्रभारी कोमल नेताम का पुलिस की वर्दी में बॉलीवुड गाने पर रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया।
मामले को जशपुर डीआईजी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने संज्ञान में लिया और टीआई कोमल नेताम को फरसाबहार थाने से हटाकर लाइन अटैच करने का आदेश जारी किया।
वहीं, फरसाबहार थाने की जिम्मेदारी अब संदीप कौशिक को सौंपी गई है। उनके नए थाना प्रभारी के रूप में पदस्थ होने के बाद फरसाबहार थाने की कमान अब उनके हाथों में होगी।
फिलहाल पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद वर्दी में सोशल मीडिया रील बनाने का मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।