जशपुर। जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां शराब के नशे में एक बेटे ने अपनी ही मां पर अधजले लकड़ी के डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मां की इलाज के दौरान मौत हो गई। मां को बचाने पहुंची बहन पर भी आरोपी ने हमला किया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे रोशन मिंज उर्फ जिंदल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
👉खाना नहीं मिलने की बात पर हुआ विवाद
यह पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली इलाके का है। मृतका की पहचान वेनेदिक्ता कुजूर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी रोशन मिंज शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है और हॉस्टल में रहता है। 7 नवंबर की रात वह दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद घर पहुंचा और मां से खाना मांगा। खाना नहीं मिलने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
👉अधजले लकड़ी के डंडे से मां और बहन पर हमला
विवाद के दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर चूल्हे के पास रखा अधजला लकड़ी का डंडा उठाया और मां पर हमला कर दिया। उसने महिला के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मां को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची बहन पर भी आरोपी ने उसी डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद उसने अपने छोटे भाई को भी खाना नहीं बचाने की बात पर धमकाया।
👉जिला अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार होकर जुरगुम की ओर चला गया। घर में मौजूद बच्चों ने एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। 8 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे मृतका के पति सुरेंद्र मिंज को एक परिचित से घटना की जानकारी मिली। वह अस्पताल पहुंचे और पत्नी से घटना के बारे में जानकारी ली। बाद में बेटी की दवाई लेने घर गए। अस्पताल लौटने पर उन्हें पत्नी की इलाज के दौरान मौत होने की सूचना मिली।
👉पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को पकड़ा

पति की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने 9 नवंबर को आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने शराब पीकर घर आने और खाना नहीं मिलने की बात पर मां से विवाद होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल अधजला लकड़ी का डंडा गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
👉गंभीर अपराध करने वालों को नहीं बख्शा जाएगा: एसएसपी
जशपुर के एसएसपी लाल उमेद सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
