रायपुर । छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी और शिक्षण क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने प्रदेश के स्कूलों में 5000 शिक्षकों की सीधी भर्ती करने का फैसला लिया है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियां और शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इसके तहत नवंबर और दिसंबर महीने में 3 अलग-अलग भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
👉विभिन्न श्रेणियों के 5000 पदों पर होगी नियुक्ति

स्कूल शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदेशभर के स्कूलों में रिक्त पड़े 5000 पदों के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। पदों का विवरण इस प्रकार है:👇
व्याख्याता (Lecturer): 854 पद
शिक्षक (Teacher): 1654 पद
सहायक शिक्षक (Assistant Teacher): 2292 पद
सहायक शिक्षक (विज्ञान): 200 पद
दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों में सुदृढ़ होगी शिक्षा व्यवस्था
छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में, विशेषकर ग्रामीण और सुदूर अंचलों में, लंबे समय से शिक्षकों की कमी बनी हुई थी, जिससे पठन-पाठन का कार्य प्रभावित हो रहा था। भर्ती प्रक्रिया का शेड्यूल सामने आने के बाद लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है।
👉मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
इस महत्वपूर्ण फैसले की जानकारी साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा कि प्रदेश में 5000 शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल न केवल प्रदेश के प्रतिभावान युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलेगी, बल्कि राज्य की समूची शिक्षा व्यवस्था को भी और अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाएगी। व्यापमं जल्द ही आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा की सटीक तिथियों का विस्तृत विज्ञापन जारी करेगा।
