CG : होटल कारोबारी दीपक टंडन व पत्नी के खिलाफ राजधानी में FIR , सरकारी सील तोड़कर होटल में घुसने का आरोप …

रायपुर । राजधानी रायपुर में होटल कारोबारी दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ एक और आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। इस बार मामला होटल की संपत्ति पर कब्जे और नगर निगम की ओर से लगाई गई सरकारी सील तोड़कर परिसर में जबरन प्रवेश करने के आरोपों से जुड़ा है। आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने दंपती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की आठ धाराओं में FIR दर्ज की है। शिकायत में ताले तोड़ने, अश्लील हरकत करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस में दर्ज FIR के मुताबिक सरिता बाजपेयी ने 2021 में अपनी संपत्ति होटल और बैंक्वेट हॉल संचालित करने के लिए दीपक टंडन को लीज पर दी थी। इसी परिसर में ‘होटल बेलाकासा श्री’ चलाया जा रहा था। लीज की शुरुआती अवधि 2024 में समाप्त हुई, जिसके बाद आपसी सहमति से इसे दो बार 11-11 महीने के लिए बढ़ाया गया। शिकायत के अनुसार, लीज की अंतिम अवधि 7 अप्रैल 2026 को खत्म हो गई थी। सरिता बाजपेयी ने आरोप लगाया है कि करीब एक साल से किराया नियमित रूप से नहीं दिया जा रहा था।

प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं होने के कारण नगर निगम ने 18 अगस्त 2026 को होटल परिसर को सील कर दिया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, 23 अगस्त को जब वह संपत्ति का कब्जा लेने पहुंचीं, तब दीपक टंडन, बरखा टंडन और उनके कर्मचारी कथित तौर पर नगर निगम की सील तोड़कर परिसर के अंदर मौजूद थे। इसकी शिकायत नगर निगम से की गई, जिसके बाद संपत्ति को दोबारा सील कर दिया गया। FIR में आगे बताया गया है कि 26 अक्टूबर को नगर निगम के जोन-10 के कर्मचारियों ने पुलिस की मौजूदगी में सील खोली और पंचनामा तैयार किया।

आरोप है कि इसके अगले दिन 27 अक्टूबर को जब सरिता बाजपेयी अपने साथी के साथ होटल पहुंचीं, तो दंपती और उनके साथ मौजूद लोगों ने मुख्य गेट और अंदर के ताले तोड़ दिए और परिसर में प्रवेश कर लिया।तेलीबांधा पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 126(2), 296, 3(5), 324(4), 329(4), 331(2), 331(5) और 351(2) के तहत केस दर्ज किया है। शिकायत में धमकी और अन्य आपराधिक कृत्यों के आरोप भी शामिल हैं। पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है।

👉AI से तस्वीरों में छेड़छाड़ के मामले में भी हुई थी गिरफ्तारी

दीपक टंडन इससे पहले बिलासपुर में दर्ज एक अन्य मामले को लेकर भी चर्चा में आए थे। 6 नवंबर को सिरगिट्टी पुलिस ने उन्हें रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई बिलासपुर निवासी मणिशंकर पांडे की शिकायत पर हुई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उनकी तस्वीरों के साथ AI के जरिए छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार की गई और न्यूज पोर्टल तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित की गई।

आरोप है कि इस सामग्री का इस्तेमाल उनकी छवि खराब करने और ब्लैकमेल करने के लिए किया गया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने दो मोबाइल फोन जब्त किए थे। इस मामले में डिजिटल सामग्री की जांच की जा रही है। बिलासपुर का मामला AI के जरिए तस्वीरों से छेड़छाड़ और कथित ब्लैकमेलिंग से जुड़ा है, जबकि रायपुर की नई FIR होटल की संपत्ति, सरकारी सील तोड़ने और जबरन प्रवेश के आरोपों पर दर्ज की गई है। दोनों मामलों की जांच अलग-अलग चल रही है।