तिरुवनंतपुरम। केरल की राजनीति में बुधवार को उस समय भारी उबाल आ गया, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) से जुड़े एक कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में राज्य भर में 12 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई की आंच केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष पिनाराई विजयन के आवास तक भी पहुंच गई। केंद्रीय एजेंसी की इस कार्रवाई से भड़के CPI(M) कार्यकर्ताओं ने तिरुवनंतपुरम में ED अधिकारियों के वाहन पर हमला कर दिया और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
👉बेटी की कंपनी से जुड़ा है मामला
यह पूरी कार्रवाई पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की बेटी वीणा विजयन और उनकी कंपनी ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड’ के खिलाफ चल रही कथित वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच से जुड़ी है। ED की टीमें सुबह ही विजयन और उनकी बेटी के परिसरों सहित 12 जगहों पर तलाशी के लिए पहुंची थीं।
👉विजयन की बेटी पर क्या हैं आरोप?

आरोप है कि कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) नाम की एक प्राइवेट कंपनी ने साल 2018 से 2019 के बीच तत्कालीन सीएम विजयन की बेटी वीणा की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को 1.72 करोड़ रुपये का गैर-कानूनी पेमेंट किया, जबकि IT फर्म ने कंपनी को कोई सर्विस नहीं दी थी.
ईडी की ये छापेमारी केरल हाई कोर्ट द्वारा मंगलवार को CMRL की उस याचिका को खारिज करने के बाद हुई, जिसमें इस मामले में ED की कार्रवाई को रद्द करने की मांग की गई थी.
👉विजयन का पलटवार: “राहुल गांधी को मिलेगी संतुष्टि”
अपने आवास पर ED की रेड के बाद मीडिया से बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने केंद्र सरकार के साथ-साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला। विजयन ने कहा:
“काफी समय से ED मेरे घर की तलाशी लेना चाहती थी। मुझे लगता है कि आज की इस कार्रवाई से कुछ लोगों को, खासकर राहुल गांधी जैसे किसी व्यक्ति को, बहुत संतुष्टि मिलेगी। राहुल गांधी ने कई बार सार्वजनिक रूप से यह सवाल उठाया था कि पिनाराई विजयन के घर पर छापा क्यों नहीं मारा जा रहा है और उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया जा रहा है?”
👉कांग्रेस के दोहरे चरित्र पर उठाए सवाल
विजयन ने कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा सरकार देश में विपक्षी नेताओं को जान-बूझकर निशाना बना रही है, जिसके खिलाफ पूरे देश में एकजुटता दिखनी चाहिए। लेकिन कांग्रेस का रुख दोहरा है। उन्होंने आरोप लगाया, “कांग्रेस चाहती है कि उनके अपने दल को छोड़कर, अन्य सभी विपक्षी दलों के खिलाफ ED की यह दमनकारी दखलअंदाजी जारी रहे। लेकिन मैं साफ कर दूं, इनमें से कोई भी चीज हमारा अंत नहीं कर पाएगी।”
👉ED ने 2024 में दर्ज किया था PMLA केस
ED ने 2024 में आरोपों की जांच के लिए PMLA केस फाइल किया था. यह मुद्दा विजयन सरकार के सामने सबसे राजनीतिक रूप से संवेदनशील विवादों में से एक रहा है. ED जांच के अलावा, इस मामले की जांच सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस भी कर रहा है.
मंगलवार को विजयन से जुड़े पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया, जिसमें उनके गनमैन भी शामिल थे. जबकि राज्य सरकार ने जांच को पटरी से उतारने की कोशिश के आरोपों पर सीनियर पुलिस ऑफिसर MR अजित कुमार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने पर भी विचार किया है.
👉CM की कुर्सी जाने के बाद केरल में नेता विपक्ष बने विजयन
यह कार्रवाई एसआईटी की रिपोर्ट आने के बाद हुई, जिसे वीडी सतीशन के मुख्यमंत्री बनने के तुरंत बाद बनाया गया था. रिपोर्ट के मुताबिक, एसआईटी जांच में सामने आया है कि अधिकारियों ने दिसंबर 2023 में अलप्पुझा में विजयन की नव केरल यात्रा के विरोध प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस और KSU कार्यकर्ताओं पर हमला करते समय गैर-कानूनी तरीके से बल और हथियारों का इस्तेमाल किया था. सतीशन के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद पिनाराई विजयन केरल विधानसभा नेता विपक्ष बने हैं.
👉सुरक्षा बल अलर्ट पर
ED अधिकारियों पर हुए हमले के बाद राज्य में राजनीतिक तनाव चरम पर है। CPI(M) कार्यकर्ताओं के हिंसक प्रदर्शनों को देखते हुए केंद्रीय एजेंसियों के दफ्तरों और अधिकारियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं, इस छापेमारी के बाद केरल की राजनीति में ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के भीतर की रार भी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है।
