CG : पेट्रोल डीजल संकट ,बढ़ती कीमतों के बीच विधायक की अनुकरणीय पहल , बैलगाड़ी में निकालेंगे बारात ..

बेमेतरा । शादियों में लग्जरी गाड़ियों और भव्य तामझाम का चलन लगातार बढ़ रहा है, लेकिन बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने अपनी शादी को सादगी और परंपरा से जोड़ते हुए एक अलग मिसाल पेश की है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और बढ़ते खर्चों के दौर में विधायक दीपेश साहू ने बैलगाड़ी से बारात निकालने का निर्णय लिया है, जिसकी पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है।

विधायक दीपेश साहू 31 मई को अपनी मंगेतर के साथ वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। खास बात यह है कि उनकी बारात आधुनिक वाहनों के काफिले के बजाय पारंपरिक बैलगाड़ी में निकलेगी। यह पहल न केवल ग्रामीण संस्कृति और परंपराओं को सम्मान देने वाली है, बल्कि सादगीपूर्ण विवाह का संदेश भी देती है।

शादी का आयोजन सामूहिक विवाह समारोह के रूप में किया जा रहा है, जहां विधायक के साथ 24 अन्य जोड़े भी सात फेरे लेंगे। सामूहिक विवाह के माध्यम से सामाजिक समरसता, फिजूलखर्ची पर रोक और सरल विवाह को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

इस समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित कई मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। प्रशासन भी आयोजन की तैयारियों में जुटा हुआ है।

विधायक दीपेश साहू का यह निर्णय ऐसे समय में सामने आया है, जब शादी समारोहों में लाखों रुपये खर्च करना आम बात बन गई है। ऐसे में बैलगाड़ी से बारात निकालकर सामूहिक विवाह में शामिल होने का उनका फैसला समाज को सादगी, परंपरा और सामाजिक जिम्मेदारी का सकारात्मक संदेश दे रहा है। यह पहल बताती है कि विवाह की खूबसूरती दिखावे में नहीं, बल्कि संस्कारों और सामाजिक सरोकारों में होती है।