रायपुर । राजधानी रायपुर के आरंग क्षेत्र स्थित मंदिर हसौद इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक स्टील प्लांट में अचानक ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। घटना मिवान स्टील लिमिटेड प्लांट की है, जहां आग लगने से काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे प्लांट के भीतर जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे परिसर के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया। इलाके में धुएं और आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
👉प्रारंभिक जांच में टर्बाइन लीकेज की आशंका
मंदिर हसौद थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्लांट के भीतर टर्बाइन लीकेज के कारण आग लगी हो सकती है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
तहसीलदार विनोद साहू ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और स्थिति पर लगातार नजर रखी गई। उन्होंने कहा कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
