0 विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय बैकुंठपुर में आयोजित किया गया पर्यावरण संरक्षण एवं आध्यात्मिक जागरूकता पर आधारित विशेष कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश
बैकुण्ठपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय बैकुंठपुर द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं आध्यात्मिक जागरूकता पर आधारित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने भाग लेकर पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लिया तथा पौधरोपण के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में नपा बैकुंठपुर के वार्ड क्रमांक 14 की पार्षद श्रीमती साधना जायसवाल, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय बैकुंठपुर की प्रमुख बीके रेखा बहन, बीके रूपा बहन, जिला जर्नलिस्ट प्रेस क्लब कोरिया के अध्यक्ष प्रवीन्द सिंह, लिटिल मिलेनियम स्कूल के डायरेक्टर वरुण बारिक, फॉरेस्ट विभाग के अरविंद सोनी, प्रकाश सिंह, श्याम वर्मा सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्रह्माकुमारीज संचालिका बीके रेखा बहन ने कहा कि पर्यावरण को और सुरक्षित बनाने के लिए केवल बाहरी प्रयास ही नहीं बल्कि मन और विचारों की शुद्धता भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज संस्थान विशेष कृषि ग्राम विकास प्रभाग के सहयोग से प्रतिवर्ष पर्यावरण दिवस पर जागरूकता एवं पौधरोपण अभियान चलाता है। राजयोग, ध्यान और सकारात्मक चिंतन के माध्यम से मानसिक प्रदूषण कम कर प्रकृति के संतुलन को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि एक बेहतर पृथ्वी की शुरूआत हमारे भीतर बेहतर वाइब्रेशन से होती है।


बीके रूपा दीदी ने कहा कि कभी भारत सोने की चिड़िया कहलाता था, जब प्रकृति के पांचों तत्व मानव जीवन के सहयोगी थे, लेकिन बढ़ती जनसंख्या, औद्योगिकीकरण और संसाधनों के अंधाधुंध उपयोग ने पर्यावरण को प्रदूषित कर दिया। इसके परिणामस्वरूप आज तूफान, अतिवृष्टि और प्राकृतिक आपदाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने जल, जमीन, जंगल, जानवर और जनता इन पांच तत्वों की सुरक्षा को पर्यावरण संरक्षण का मूल आधार बताया। अध्यक्ष प्रवीन्द सिंह ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को केवल संपत्ति नहीं बल्कि सुरक्षित पर्यावरण देना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करें ताकि आने वाली पीढ़ी प्रकृति से जुड़ सके और पर्यावरण का महत्व समझ सके। पार्षद श्रीमती साधना जायसवाल ने भी सभी नागरिकों से पौधे लगाने और उन्हें सुरक्षित रखने की अपील करते हुए कहा कि आज लगाया गया पौधा भविष्य में स्वच्छ हवा और बेहतर जीवन का आधार बनेगा। कार्यक्रम के अंत में बीके रेखा दीदी ने सभी उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। लगभग 40 भाई-बहनों की उपस्थिति में अतिथियों द्वारा सभी को पौधे उपहार स्वरूप वितरित किए गए। इनमें मूंगा के 10, तुलसी के 15, नीम के 5, अमरूद के 5, नींबू के 5, अर्जुन के 2, काजू के 2, कोशम के 2 तथा सीताफल के 3 पौधे शामिल रहे। कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आध्यात्मिक जागरूकता का भी संदेश देकर लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
