कोरबा। कोरबा से मध्य प्रदेश जाने के लिए चार पहिया वाहन की बुकिंग कराने वाले लोगों ने मिलकर चालक को लूट लिया। उसकी स्कॉर्पियो वाहन सहित नगदी रकम लूट कर आरोपी भाग निकले।
जानकारी के अनुसार बांकीमोंगरा थाना अंतर्गत घुड़देवा निवासी संजय के पास स्कार्पियो क्रमांक सीजी 12 बी एन 9335 है।

समय-समय पर उक्त वाहन को किराये पर भी लेकर जाता है। उसे 01 जून की शाम अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बुकिंग में ग्राम ढपढप से मध्यप्रदेश सिहोर जाने की बात कही जिससे संजय ने इनकार कर दिया। 2 जून को फिर उसी मोबाईल नंबर से शाम को फोन कर 3 जून को ढपढप से सिहोर जाने की बात की गई जिस पर संजय राजी हो गया। एडवांस आदि की बात होने उपरांत 3 जून की रात 8.30 बजे ढपढप से निकलना तय हुआ। एडवांस डीजल के लिये फोन पे में 1500 रूपया दिया गया।
रात 08.53 में फोन कर ढपढप मोड़ के पास बुलाया गया जहां से 7 लोगों के सीहोर जाने की बात हुई। संजय ने स्कार्पियो में अपना सामान तथा डीजल के लिये पर्स में नगद 6000 रूपया, पेनकार्ड, आधारकार्ड, ड्रायविंग लायसेंस, गाड़ी व मोटरसायकल का आरसी कार्ड, एटीएम कार्ड तथा एक रियल मी 14 प्रो प्लस को रखा और पेट्रोल भराते हुए ढपढप मोड़ के पास गया। गाड़ी बुक कराने वाले से फोन पर बात में कहा कि दोस्तों को लेकर आ रहा हूँ, वहीं पर रुको। रात करीब 9.30 बजे एक होण्डा साईन मोटरसायकल में तीन लोग आये और दो लोग स्कार्पियो में बैठ गये तथा एक व्यक्ति मोटरसयकल में आगे-आगे ग्राम ढपढप की ओर निकला व अपने पीछे बुलाया। कुछ दूर में उसने मोटरसायकल को रोका तो स्कार्पियो भी रुक गई। बाईक वाला व्यक्ति गाड़ी के पास आया और अचानक से चालक साईड का गेट खोल कर संजय की आंख में मिर्च वाला स्प्रे मार दिया। उसके दो साथी जो स्कार्पियो के पीछे बैठे थे, ड्रायवर सीट से अपने पास खींचकर ले गये। हाथ, झापड़, मुक्का से मारने लगे और मोटरसायकल वाले ने स्कार्पियो की ड्रायविंग सीट पर बैठ कर गाड़ी को चालू कर बांये तरफ भांठा सुनसान जगह में ले गया। यहाँ तीनो मिलकर संजय के ही गमछा से पीछे की तरफ बांध दिये और उसके मोबाईल व फोन पे का पासवर्ड धमका कर मारपीट कर पूछा व अनलाक कर लिये। इसके बाद वे लोग अपना मोटरसायकल को वहीं पर छोड़ दिये और दो व्यक्ति गाड़ी के बीच सीट में दबाकर नीचे बैठा दिये तथा उनका एक साथी जो मोटा था स्कार्पियो को चलाते हुये लगभग आधा घंटा तक इधर-उधर घुमाते रहा,फिर जंगल में ले जाकर पेड़ में बांध दिये। वहां भी संजय को झापड़ से मारे और पूछे कि गाड़ी चाहिए या जिंदा रहना चाहते हो। चालक द्वारा मैं जिंदा रहना चाहता हूँ, कहने के बाद स्कार्पियों क्रमांक सीजी 12 बी एन 9335, चालक का मोबाईल रियल मी का, पर्स में रखे 6000 नगद व कागजात, स्मार्टवाच, एयरबड व अन्य सामान को लूटकर भाग गये। पीड़ित बाद में अपने हाथ को धीरे -धीरे छुड़ाकर जंगल से निकला व रेलपटरी पर चलते-चलते ग्राम पुरेना तक पहुंचा व लिफ्ट लिया। उसको घटना के बारे में बताया तो वह अपने घर ले गया और फिर उसके फोन से अपने परिजन को सारी घटना के बारे में बताया। उनके साथ थाना जाकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराया।
👉 2 आरोपियों की गिरफ्तारी की खबर
पीड़ित संजय की रिपोर्ट पर बांकी मोंगरा थाना में 3 अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 127(2), 127(8), 3(5), 309(6)-BNS के तहत जुर्म दर्ज कर तलाश शुरू किया गया। खबर है कि मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर स्कार्पियो व लूटे गए सभी सामान बरामद कर लिए गए हैं।
