CG : रेत के कारोबार को लेकर मची ‘रार’ बीच सड़क पर भिंडे 2 गुट,चले लाठी डंडे, हिंसक झड़प से उठे सवाल …

गौरेला–पेंड्रा–मरवाही । जिले में रेत कारोबार पर कब्जे की लड़ाई अब खुलकर सामने आने लगी है। सोमवार देर रात पेंड्रा के दुर्गा चौक इलाके में रेत के लेनदेन और डंपिंग को लेकर दो पक्ष आमने–सामने आ गए। शुरुआत कहासुनी से हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी–डंडों और घूंसों से हमला किया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर मारपीट के कारण कुछ देर के लिए ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हुई।

👉सोशल मीडिया पर वायरल हुआ VIDEO

घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल फुटेज में कई लोग सड़क के बीचों–बीच मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पूरी घटना लोगों की मौजूदगी में बेखौफ तरीके से होती रही।

👉जांच के बाद होगा खुलासा

हालांकि पुलिस फिलहाल इस मामले को गैंगवार मानने से बच रही है। एडिशनल एसपी गौरेला–पेंड्रा–मरवाही अविनाश मिश्रा ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी थी। विवाद की असली वजह और यह गैंगवार है या नहीं, इसका खुलासा जांच के बाद ही होगा।

पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ बलवा, मारपीट और शहर में अशांति फैलाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। साथ ही रेत कारोबार से जुड़े नेटवर्क और संबंधित लोगों की भी जांच शुरू कर दी गई है।

👉आखिर कितनी गहरी है रेत की ये जंग?

शहर के बीचों–बीच हुई इस घटना ने जिले में सक्रिय रेत माफियाओं के बढ़ते प्रभाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह भी है कि अगर सार्वजनिक जगहों पर इस तरह की हिंसक भिड़ंत हो रही है, तो पर्दे के पीछे चल रही असली लड़ाई कितनी बड़ी होगी?