कोरबा। नीट पेपर लीक मामले और विभिन्न प्रतियोगी व भर्ती परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कोरबा में पत्रकार वार्ता पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों से लाखों छात्रों और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। साथ ही परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है। नीट सहित कई भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आने से युवाओं का सरकारी व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हुआ है।
👉केंद्र सरकार से सवाल

उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल किया कि पेपर लीक रोकने के लिए अब तक कौन से ठोस कदम उठाए गए हैं, परीक्षा माफियाओं के खिलाफ कितनी प्रभावी कार्रवाई हुई है, युवाओं को रोजगार देने के वादों का क्या हुआ और बार-बार सामने आ रही गड़बड़ियों की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा।
पूर्व मंत्री ने मांग की है कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए, दोषियों और परीक्षा माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो, परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाए तथा एंटी-पेपर लीक कानून का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने की भी मांग की गई है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि यह केवल एक परीक्षा का मामला नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय है। पार्टी युवाओं के रोजगार और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।
