CG : सुशासन की सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद ! दिनदहाड़े किराना व्यापारी का अपहरण ,घर के सामने से उठा ले गए बदमाश ,वारदात तीसरी आंख में कैद …..

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के मरवाही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उषाढ़ में शनिवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक किराना व्यवसायी का उनके घर के सामने से ही अपहरण कर लिया। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

👉परिजनों के सामने से उठा ले गए व्यापारी

मिली जानकारी के अनुसार, उषाढ़ निवासी किराना व्यवसायी गिरीश यादव शनिवार दोपहर अपने घर के सामने खड़े थे। तभी एक नीली बलेनो कार वहां आकर रुकी। कार से दो हथियारबंद युवक उतरे और गिरीश यादव को जबरन पकड़कर गाड़ी में बैठाने लगे।

परिवार के लोग शोर सुनकर बाहर आए और बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिरीश यादव को जबरन कार में ठूंस दिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि उस समय पीड़ित अर्धनग्न अवस्था में थे।

👉अंतरराज्यीय नाकों पर सघन चेकिंग

घटना की सूचना मिलते ही मरवाही पुलिस अलर्ट हो गई है। जिले के सभी सीमावर्ती थानों और चेकपोस्टों को सतर्क कर दिया गया है। मध्य प्रदेश की सीमा नजदीक होने के चलते अंतरराज्यीय नाकों पर भी सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

👉जांच में जुटी पुलिस, कई एंगल पर पड़ताल

मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने पहले पीड़ित से नाम पूछा और फिर पिस्टल जैसी वस्तु दिखाकर उसे जबरन उठा ले गए।

पुलिस अब वाहन की पहचान, आरोपियों की तलाश और पीड़ित के निजी व व्यावसायिक संबंधों की जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि कहीं घटना के पीछे आपसी रंजिश, लेन-देन या अन्य कोई कारण तो नहीं है।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है, वहीं पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।