KORBA : दुकान निर्माण का ₹ 3.41 लाख डकार गए सरगबुंदिया सरपंच सचिव , CEO ने नोटिस जारी कर 3 दिवस के भीतर मांगा जवाब …

कोरबा-करतला। कोरबा जिले की ग्राम पंचायत सरगबुंदिया में लाखों रुपये के कथित गड़बड़झाले का मामला सामने आया है। जनपद पंचायत करतला ने ग्राम पंचायत की सरपंच और सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर अधूरा निर्माण कार्य पूरा करने का अल्टीमेटम दिया है।

जनपद पंचायत करतला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-149 के चौड़ीकरण कार्य के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2021-22 में ग्राम पंचायत सरगबुंदिया में दुकान निर्माण के लिए 6 लाख 82 हजार 198 रुपये स्वीकृत किए गए थे। आरोप है कि निर्माण कार्य पूरा किए बिना ही 3 लाख 41 हजार 99 रुपये की राशि आरटीजीएस के माध्यम से आहरित कर ली गई।
नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि संबंधित दुकान निर्माण कार्य आज तक पूर्ण नहीं कराया गया है, जिससे मामला शासकीय धन के दुरुपयोग की श्रेणी में आता है। इस गंभीर अनियमितता को देखते हुए सरपंच और सचिव से जवाब तलब किया गया है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिवस के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण कर पूर्णता प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया, तो संबंधितों के खिलाफ धारा 92 के तहत कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नोटिस की प्रतिलिपि कलेक्टर कोरबा और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को भी भेजी गई है। इससे पंचायत स्तर पर हड़कंप मच गया है और अब सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।