विश्वविद्यालय में एडमिशन से पहले छात्र सावधान , विनियामक आयोग की सलाह , प्रवेश से पहले इन 5 अहम बातों का रखें ध्यान …

छत्तीसगढ़/रायपुर :- उच्च शिक्षा के लिए निजी विश्वविद्यालयों का रुख करने वाले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के लिए यह खबर बेहद महत्वपूर्ण है। आकर्षक विज्ञापनों और बड़े-बड़े दावों के बीच यदि बिना जांच-पड़ताल के किसी निजी विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया जाता है तो भविष्य में डिग्री की मान्यता और रोजगार संबंधी गंभीर समस्याएं सामने आ सकती हैं।

इसी को देखते हुए छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग ने छात्रहित में महत्वपूर्ण गाइडलाइन जारी की है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश लेने से पहले प्रत्येक छात्र को पांच जरूरी बिंदुओं की जांच अवश्य करनी चाहिए।

👉1. क्या विश्वविद्यालय शासन से मान्यता प्राप्त है?

सबसे पहले यह सुनिश्चित करें कि संबंधित विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय (स्थापना एवं संचालन) अधिनियम-2005 के अंतर्गत विधिवत अधिसूचित हो। बिना अधिसूचना वाले संस्थान में प्रवेश लेने से छात्रों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।

👉2. राजपत्र में प्रकाशित है या नहीं?

विश्वविद्यालय के परिनियम और अध्यादेश का राज्य शासन के राजपत्र में प्रकाशित होना अनिवार्य है। नियमों के अनुसार राजपत्र में प्रकाशन के बाद ही विश्वविद्यालय को प्रवेश देने का अधिकार प्राप्त होता है।

👉3. संबद्ध कॉलेजों के नाम पर न हों भ्रमित

छत्तीसगढ़ के निजी विश्वविद्यालय एकात्मक स्वरूप के हैं। यानी इन्हें अपने मुख्य परिसर के बाहर किसी अन्य कॉलेज या संस्थान को संबद्धता देने की अनुमति नहीं है। यदि कोई संस्थान किसी निजी विश्वविद्यालय से संबद्ध होने का दावा करता है तो उसकी पूरी जांच जरूर करें।

👉4. क्या पाठ्यक्रम यूजीसी से मान्य है?

जिस कोर्स या डिग्री में प्रवेश लिया जा रहा है, वह विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा अनुमोदित होना चाहिए। साथ ही उस पाठ्यक्रम का उल्लेख विश्वविद्यालय के प्रकाशित अध्यादेश में भी होना जरूरी है।

👉5. पीएचडी करने वाले छात्र विशेष सावधानी बरतें

पीएचडी में प्रवेश लेने वाले शोधार्थियों को यह जांचना चाहिए कि संबंधित विषय के लिए विश्वविद्यालय में यूजीसी नियमों के अनुरूप योग्य और नियमित शोध निर्देशक उपलब्ध हैं या नहीं। बाहरी शोध निर्देशकों के भरोसे संचालित शोध कार्य यूजीसी नियमों के विरुद्ध हो सकता है।

👉आयोग की अपील

छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के भ्रामक प्रचार या आकर्षक विज्ञापनों के झांसे में न आएं। प्रवेश लेने से पहले सभी नियमों और मान्यताओं की पुष्टि अवश्य करें।
विशेषज्ञों का मानना है कि कुछ मिनट की जांच छात्रों के कई वर्षों के भविष्य को सुरक्षित बना सकती है। इसलिए एडमिशन की जल्दबाजी से बचें और पूरी जानकारी प्राप्त करने के बाद ही निर्णय लें।
“सतर्क छात्र, सुरक्षित भविष्य” — यही इस गाइडलाइन का मुख्य संदेश है।