बिहार । भोजपुर के बिलौटी गांव में हुए भरत तिवारी (Bharat Tiwari) के एनकाउंटर मामले पर गुरुवार (25 जून, 2026) को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Bihar CM Samrat Choudhary) की प्रतिक्रिया आई. वे पटना के ज्ञान भवन में आयोजित ‘संविधान हत्या दिवस’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे.

इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारे यहां कोई भी समस्या सामने आती है तो सरकार तुरंत चिंतित होकर उसको आगे बढ़ाती है.
सम्राट चौधरी ने कहा, “भोजपुर में एक घटना घटी… तुरंत बिहार सरकार ने ज्यूडिशियल कमीशन का गठन किया. क्योंकि न्याय मिले… कोई अगर गलत है तो उस पर कार्रवाई हो…”
👉इससे पहले सम्राट चौधरी ने साधी थी चुप्पी
सम्राट चौधरी ने उक्त बयान एक कार्यक्रम के जरिए तब दिया जब इस केस की न्यायिक जांच शुरू हो गई है. हालांकि इससे पहले जब वे मीडिया के सामने आए थे तो पत्रकारों ने उनसे भरत तिवारी केस पर सवाल किया था तो उन्होंने चुप्पी साध ली थी. अब एक कार्यक्रम के जरिए यह बताने की कोशिश की है कि सरकार कैसे चिंतित है.
बीते बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई थी जिसमें भोजपुर एनकाउंटर मामले में न्यायिक जांच की मुहर लगी थी. पटना हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज विनोद कुमार सिन्हा को जांच की जिम्मेदारी मिली है. आज (गुरुवार) विनोद सिन्हा बिलौटी गांव भी गए थे. परिजनों से वे मिले हैं.
👉बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर किया हमला
बता दें कि आज (गुरुवार) पटना के ज्ञान भवन में आपातकाल की स्मृति में आयोजित ‘संविधान हत्या दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन बीजेपी की ओर से किया गया था. इसमें जेपी आंदोलन के आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया. इस मौके पर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अलावा कई सांसद और मंत्री, विधायक भी उपस्थित थे. इस मौके पर जहां सम्राट चौधरी ने आपातकाल को लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा तो जेपी नड्डा ने भी कांग्रेस को घेरा.
