कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा, महाराष्ट्र और हरियाणा की अलग-अलग नंबर प्लेट लगाकर पुलिस को चकमा देता था। उसके कब्जे से 447.720 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख 50 हजार रुपये है। तस्करी में इस्तेमाल वाहन, छह फर्जी नंबर प्लेट और मोबाइल सहित कुल 2 करोड़ 48 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
👉नाकेबंदी तोड़कर भागा, जंगल में छिपाए थे गांजे के 90 पैकेट

पुलिस को 4 नवंबर को सूचना मिली थी कि फॉर्च्यूनर कार से जगदलपुर की ओर से कांकेर की तरफ गांजे की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर गढ़पिछवाड़ी चौक बायपास रोड पर पुलिस ने नाकेबंदी की। इसी दौरान कार चालक घेराबंदी तोड़कर फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस ने तलाश अभियान शुरू किया। जांच के दौरान ग्राम सिंगारभाट के राइस मिलपारा में शिव मंदिर के पास जंगल और पहाड़ी क्षेत्र से गांजे के 90 पैकेट बरामद किए गए। इनका कुल वजन 447.720 किलोग्राम निकला।
👉300 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज से मिला सुराग
फरार आरोपी तक पहुंचने के लिए कांकेर पुलिस और साइबर सेल की टीम ने 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आरोपी मोबाइल फोन बंद कर लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था, जिससे उसकी तलाश चुनौतीपूर्ण हो गई थी।
लगातार जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान सुखपाल उर्फ सुक्खा (30), निवासी फतेहाबाद, हरियाणा के रूप में की। करीब 48 घंटे की तलाश के बाद उसे उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार कर लिया गया।
👉ओडिशा से गांजा खरीदकर दूसरे राज्यों में बेचने की थी योजना
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने ओडिशा से गांजा खरीदकर हरियाणा और आसपास के राज्यों में ऊंचे दाम पर बेचने की योजना स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि अलग-अलग राज्यों की नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर वह अपनी पहचान और वाहन की वास्तविक जानकारी छिपाने की कोशिश करता था।
👉2.48 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
इस कार्रवाई में पुलिस ने 447.720 किलोग्राम गांजा, तस्करी में इस्तेमाल फॉर्च्यूनर कार, छह फर्जी नंबर प्लेट और मोबाइल सहित कुल 2 करोड़ 48 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। आरोपी को 7 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया।
