कोरबा। तबादले के पखवाड़े भर बाद भी नवीन कार्यस्थल के लिए भारमुक्त नहीं हुए पोंडी उपरोड़ा जनपद सीईओ भूपेंद्र कुमार सोनवानी के खिलाफ जनपद सीईओ लामबंद हो गए हैं।
गुरुवार को निरीक्षण पर पहुंचे जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन को जनपद पंचायत के सभी जनपद सदस्य एवं सरपंच संघ के सदस्यों ने ज्ञापन सौंप सीईओ भूपेंद्र कुमार सोनवानी को तत्काल रिलीव करने की मांग की । जनप्रतिनिधियों ने जनपद सीईओ श्री सोनवानी का स्थानांतरण हुए 15 दिन बीतने के बाद भी रिलीव नहीं करने पर नाराजगी जताई । 4 दिनों के भीतर रिलीव किए नहीं जाने पर नेशनल हाइवे कटघोरा -अम्बिकापुर में उतरकर चक्काजाम की चेतावनी दी है ।
जनप्रतिनिधियों ने सीईओ श्री जैन को बताया कि भूपेंद्र कुमार सोनवानी सभी जनप्रतिनिधियों से 3 से 4 पर्सेंट कमीशन मांगते हैं और सरपंच-सचिव से दुर्व्यवहार भी करते हैं।

जनपद पंचायत अध्यक्ष के नेतृत्व में सभी जनप्रतिनिधियों ने सीईओ श्री जैन को अवगत कराया कि श्री सोनवानी के खिलाफ जनप्रतिनिधियों का आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है और उन्हें तुरंत रिलीव करें। सभी जनप्रतिनिधियों ने ज्ञापन में बताया है कि सीईओ श्री सोनवानी को चार दिन के अंदर रिलीव करें, अन्यथा नेशनल हाईवे में चक्का जाम किया जाएगा और जनपद पंचायत में काम बंद-कलम बंद हड़ताल की जाएगी और जनपद सदस्य, सरपंच एवं सभी जनप्रतिनिधि जनपद पंचायत के सामने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठेंगे। नवपदस्थ जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन ने जन प्रतिनिधियों की भावनाओं को सुना और आशवस्त किया कि इस दिशा में आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
👉भ्रष्टाचार और दुर्व्यवहार का आरोप
यहां के जनप्रतिनिधियों ने सीईओ को सौंपे ज्ञापन में बताया कि सीईओ सोनवानी सरपंच सचिव से तीन से चार पर्सेंट कमीशन मांगते हैं, साथ ही उनसे दुर्व्यवहार भी करते हैं, जिसके कारण जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों में जमकर आक्रोश है। यहां के जनप्रतिनिधियों ने बताया कि उनकी कार्यशैली से क्षेत्र में कामकाज प्रभावित हो रहा है। अत: श्री सोनवानी को तुरंत कार्यभार मुक्त किया जाए और नए सीईओ को प्रभार दें। जनपद सदस्यों ने बताया कि उनकी कार्यशैली से हम पीएम आवास में भी पीछे रह गए हैं और लोगों को पक्की छत नहीं मिल पा रही है।
👉जनपद पंचायत में तालाबंदी के बाद हुआ सीईओ सोनवानी का स्थानांतरण
करीब एक माह पूर्व जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा के जनपद सदस्य सरपंच एवं भाजपा नेताओं ने जनपद पंचायत में तालाबंदी कर दी थी और सीईओ के खिलाफ पंचायत मंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक शिकायत की थी और उसके बाद सीईओ सोनवानी का स्थानांतरण सूरजपुर कर दिया गया, लेकिन यहां नयी पदस्थापना नहीं हो पाई है। सभी जनपद सदस्यों एवं सरपंचों ने तात्कालीन सीईओ श्री डनसेना को पदस्थ करने की मांग की है।
👉4 दिन का अल्टीमेटम
जनपद सदस्यों एवं सरपंचों ने जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन को सौंपे ज्ञापन में 4 दिन का अल्टीमेटम दिया है और 4 दिन में जनपद सीईओ सोनवानी को पोड़ी-उपरोड़ा से रिलीव नहीं किया गया तो एनएच 130 को जाम कर दिया जाएगा और सभी जनप्रतिनिधि जनपद पंचायत के सामने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। काम बंद कलम बंद हड़ताल से कामकाज ठप कर दिया जाएगा और इसकी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।
