KORBA : जय जगन्नाथ के जयघोषों से गूंजा दादर , भव्य रथयात्रा में शामिल होने उमड़ा आस्था का सैलाब …

कोरबा। शहर के साथ उप नगरीय क्षेत्रों में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली गई। दादरखुर्द में 126 साल से चल रही परंपरा के साथ पूजा-अर्चना के बाद रथ यात्रा शुरू हुई। श्रद्धालुओं ने रथ खींचकर रथयात्रा शुरुआत की। रथ में भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ विराजमान थे। दादरखुर्द में जय जगन्नाथ की गूंज के बीच पूरे गांव का भ्रमण कराया।

ओडिशा के जगन्नाथ पुरी की तरह ही दादरखुर्द में उत्सव मनाया जाता है। रथ यात्रा प्रारंभ करने से पहले भगवान की प्रतिमाओं को मंदिर से रथ तक लाया गया। रथ यात्रा में शहर के साथ आसपास ग्रामीण क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी तरह बालको नगर राम मंदिर, खरमोरा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में भी रथ यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान जगन्नाथ की पूजा कर आरती उतारी। बालको नगर में राम मंदिर से भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली गई। पूजा की शुरुआत पारंपरिक धान के पात्र से की गई। मंदिर से भगवान जगन्नाथ के साथ ही भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की मूर्तियों को रथ तक ले गए। मूर्तियों को ले जाने वाले रास्ते पर झाडू लगाने की परंपरा निभाई गई। रथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। रथ यात्रा का नगर भ्रमण कराया गया।