पीवी सिंधु ने बढ़ाई भारत की शान , 19 महीने का खिताबी सूखा किया खत्म ,जापान ओपन जीतकर रचा इतिहास …

एजेंसी । भारत की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने रविवार को टोक्यो में इतिहास रच दिया। पूर्व विश्व चैंपियन सिंधु ने दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी अकाने यामागुची को उन्हीं के घरेलू मैदान पर मात देकर पहली बार जापान ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया।

इस खिताबी जीत के साथ ही सिंधु ने पिछले 19 महीनों से चले आ रहे अपने खिताबी सूखे को भी सफलतापूर्वक खत्म कर दिया है। वह इस खिताब को जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बना गई हैं।

👉शुरुआत में पिछड़ने के बाद सिंधु की शानदार वापसी

टोक्यो में खेले गए इस खिताबी मुकाबले के पहले गेम में पीवी सिंधु शुरुआत में यामागुची से पिछड़ रही थीं। लेकिन भारतीय स्टार ने बेहतरीन वापसी करते हुए मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाई और जापानी खिलाड़ी को सीधे गेमों में 21-17, 21-17 से करारी शिकस्त दी। सिंधु का दिसंबर 2024 में घरेलू सरजमीं पर सैयद मोदी इंटरनेशनल खिताब जीतने के बाद से यह पहला खिताब है। इसके साथ ही 31 साल की सिंधु के करियर का यह पहला सुपर 750 सीरीज खिताब है। साल 2019 में विश्व चैंपियनशिप का खिताब जीतने के सात साल बाद यह सिंधु की पहली बड़ी खिताबी सफलता है।

👉यामागुची के खिलाफ रिकॉर्ड में बढ़त बनाई

दोनों खिलाड़ियों के बीच यह करियर का 30वां मुकाबला था। हालांकि हाल के दिनों में यामागुची का पलड़ा भारी रहा था, जिन्होंने पिछले 10 मुकाबलों में से 7 में जीत दर्ज की थी। लेकिन सिंधु ने अपने करियर में पहली बार जापान ओपन के फाइनल में जगह बनाते हुए यामागुची पर अपनी कुल बढ़त को 16-14 कर लिया है। इससे पहले सिंधु ने सेमीफाइनल में चोटिल चेन युफेई को हराकर फाइनल का टिकट पक्का किया था। इस बड़ी जीत के साथ सिंधु ने अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन सर्किट पर एक बार फिर शानदार वापसी का बिगुल फूंक दिया है।