भारत को मिली 2029 चैंपियंस ट्रॉफी ,2031 वनडे विश्वकप की मेजबानी ,ICC ने किया ऐलान ,जानें 2035 तक ICC टूर्नामेंट का पूरा प्लान ….

दिल्ली: भारत को आईसीसी ने 2 बड़े आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी दी है। 2031 वनडे विश्व कप की मेजबानी भारत और बांग्लादेश को मिली है। वहीं, 2029 चैंपियंस ट्रॉफी भी भारत में खेली जाएगी।

आईसीसी ने 2035 तक का क्रिकेट कैलेंडर फाइनल कर दिया है। इंडोनेशिया के बाली में कई बैठकों के बाद क्रिकेट वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, चैंपियंस ट्रॉफी और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के आयोजन की विंडो को मंजूरी दी गई है।

आईसीसी का यह कैलेंडर 2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से शुरू होकर 2035 के वनडे वर्ल्ड कप तक चलेगा। आईसीसी के सीईओ संजोग गुप्ता ने कहा कि बड़े टूर्नामेंट क्रिकेट के वैश्विक ढांचे का अहम हिस्सा हैं। इनके आयोजन की पहले से जानकारी मिलने से खिलाड़ियों को हाई परफॉर्मेंस प्रोग्राम और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर को बेहतर तरीके से तैयार करने में मदद मिलेगी।

👉2029 में भारत में होगी चैंपियंस ट्रॉफी

भारत को 2029 में पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी सौंपी गई है। यह टूर्नामेंट 9 से 28 अक्टूबर तक खेला जाएगा। इसके बाद 2031 में भारत और बांग्लादेश संयुक्त रूप से वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी करेंगे। यह टूर्नामेंट 9 अक्टूबर से 23 नवंबर तक आयोजित होगा। वहीं, 2035 का वनडे वर्ल्ड कप अक्टूबर-नवंबर में खेला जाएगा, लेकिन अभी इसके मेजबान देश का फैसला नहीं हुआ है।

👉2030 में इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड में होगा टी20 वर्ल्ड कप

2028 के टी20 वर्ल्ड कप के बाद अगला संस्करण 2030 में आयोजित होगा। इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड संयुक्त रूप से इस टूर्नामेंट की मेजबानी करेंगे। यह टूर्नामेंट 4 जुलाई से 4 अगस्त तक खेला जाएगा। इसके बाद 2032 और 2034 में भी टी20 वर्ल्ड कप आयोजित किए जाएंगे। इन दोनों विश्व कप के मेजबान देशों की घोषणा अभी नहीं हुई है। 2032 का टूर्नामेंट 14 अक्टूबर से 14 नवंबर तक, जबकि 2034 का टूर्नामेंट 6 जुलाई से 6 अगस्त तक खेला जाएगा।

👉भारत में हुआ था 2023 वनडे विश्व कप

2023 वनडे विश्व कप भारत में खेला गया था। रोहित शर्मा की अगुआई में टीम इंडिया अजेय रहते हुए फाइनल में पहुंची थी। हालांकि, फाइनल मैच में भारत को हार का सामना करना पड़ा था। ऑस्ट्रेलिया ने यह विश्व कप जीता था। अब भारत को एक बार फिर 2031 विश्व कप की मेजबानी मिली है। ऐसे में भारतीय टीम के पास एक और विश्व कप जीतने का मौका होगा।