अर्शदीप और सिराज की रफ्तार में कीवी गिरफ्तार , टीम इंडिया ने पांचवां वनडे 22 रनों से जीत सीरीज पर 3-1 से किया कब्जा

नई दिल्ली। अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए रविवार को माउंट माउंगनुई में खेले गए पांचवें और आखिरी वनडे मैच में न्यूजीलैंड को 22 से हरा दिया।

इसी के साथ भारत ने यह पांच मैचों की सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली। सीरीज का तीसरा मैच बारिश के कारण रद हो गया था।

इस लो स्कोरिंग मैच में गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी और भारत को 42.1 ओवरों में 209 रनों पर ही ढेर कर दिया। लगा था कि न्यूजीलैंड आसानी से मैच अपने नाम कर लेगी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने उसकी राह मुश्किल कर दी। पूरी न्यूजीलैंड टीम 48.1 ओवरों में 187 रनों पर ढेर हो गई। इसी के साथ भारत ने न्यूजीलैंड के घर में लगातार 11 द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीतने के क्रम को भी रोक दिया। न्यूजीलैंड टीम 2019 से लगातार अपने घर में द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीतती आ रही थी और आज उसका यह क्रम टूट गया।

👉अर्शदीप और सिराज ने किया कमाल

न्यूजीलैंड को अच्छी शुरुआत की जरूरत थी और विल यंग-टिम सीफर्ट की जोड़ी उसे वो शुरुआत देती दिख रही थी। तभी छठे ओवर की तीसरी गेंद पर मोहम्मद सिराज ने सीफर्ट को पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने 21 गेंदों पर 14 रन बनाए। निक कैली और विल यंग की साझेदारी
पनपनी शुरू ही हुई थी कि अर्शदीप ने यंग को डीप स्क्वायर लेग पर ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। वह 42 गेंदों पर 22 रन बना पाए।

इसके बाद 82 के कुल स्कोर पर अर्शदीप ने निक कैली को पवेलियन भेजा। उनका विकेट 21वें ओवर की चौथी गेंद पर 82 के कुल स्कोर पर गिरा। इसके अगले ओवर में सिराज ने फिन एलन को एक रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया। यहां न्यूजीलैंड का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 82 रन था।

👉आकिब और यश ने कराई वापसी

डीन फॉक्सक्रॉफ्ट और माइकल ब्रेसवेल ने फिर एक साझेदारी बुननी शुरू की जो भारत के लिए खतरा साबित हो रही थी। तभी आकिब नबी और डेब्यू कर रहे यश ठाकुर ने अपना कमाल दिखाया। आकिब ने 31वें ओवर की आखिरी गेंद पर ब्रेसवेल की 19 रनों की पारी का अंत किया और अगले ही ओवर की पहली गेंद पर यश ने फॉक्सक्रॉफ्ट को बोल्ड कर भारत को मैच में वापस ला दिया। फॉक्सक्रॉफ्ट 42 गेंदों पर 31 रन बनाने में सफल रहे।

👉सैंटनर बने मुसीबत

दो लगातार विकेट गिरने से न्यूजीलैंड की टीम दबाव में थी। यहां उसका स्कोर छह विकेट के नुकसान पर 119 रन था। लग रहा था कि भारत ने मैच में वापसी कर ली है, लेकिन मिचेल सैंटनर ने विकेट पर पैर जमाते हुए भारत की परेशानी बढ़ानी शुरू कर दी। हालांकि, नमन धीर की ऑफ स्पिन ने उनकी पारी का भी अंत कर दिया। 41वें ओवर की चौथी गेंद पर सैंटनर डीप मिडविकेट पर अर्शदीप के हाथों लपके गए। उन्होंने 31 गेंदों पर दो छक्के और एक चौके की मदद से 24 रनों की पारी खेली।

इसके बाद, अर्शदीप ने क्रिस्टियन क्लार्क को आउट कर भारत को आठवां विकेट भी दिला दिया। अक्षर पटेल ने 47वें ओवर की दूसरी गेंद पर जैकब डफी को पवेलियन भेज न्यूजीलैंड का नौवां विकेट गिरा दिया। 49वें ओवर की पहली गेंद पर अक्षर पटेल ने ब्लेयर टिकनेर को स्टम्प करा न्यूजीलैंड की पारी का अंत किया।

👉भारतीय टॉप ऑर्डर हुआ फेल

इससे पहले, भारतीय बल्लेबाज एक बार फिर नाकाम रहे। टीम का टॉप ऑर्डर बुरी तरह से फेल रहा। रोहित शर्मा छठे ओवर में 23 रनों के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट लिए। उन्हें मैट फिशर ने सात रनों के निजी स्कोर पर आउट किया। विराट कोहली भी फिशर का शिकार बने। उन्होंने पांच रन बनाए। ऋतुराज गायकवाड़ 27 गेंदों पर 18 रन बनाकर जैकब डफी का शिकार हो गए।

भारत का स्कोर 34 रनों पर तीन विकेट था। अक्षर पटेल को पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने भेजा गया। उन्होंने कार्यवाहक कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ साझेदारी की। जैसे ही टीम का स्कोर 86 रनों पर पहुंचा ब्लेयर टिकनेर ने अय्यर को बोल्ड कर दिया। उन्होंने 26 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 22 रन बनाए।

👉अक्षर और ईशान ने संभाला मोर्चा

अय्यर के जाने के बाद आए ईशान ने फिर अक्षर का साथ दिया। दोनों संभलकर बल्लेबाजी कर रहे थे। अक्षर अपने अर्धशतक से चार रन ही दूर थे कि ब्रेसवेल ने उन्हें यंग के हाथों कैच कराया। अक्षर ने 55 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 46 रन बनाए। उनके जाने के बाद भारत ने नमन धीर (22), आकिब नबी (5) और यश ठाकुर (0) के विकेट खो दिए।

ईशान भी 41वें ओवर की तीसरी गेंद पर आउट हो गए। उन्होंने 58 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 46 रन बनाए। अंत में अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी कर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। अर्शदीप ने चार गेंदों पर 14 रन बनाए जिसमें दो छक्के शामिल रहे। मोहम्मद सिराज ने 20 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 14 रन बनाए।