स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 -26,प्रदेश के 3 नगरीय निकायों ने गढ़े कीर्तिमान , 20 हजार की कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बिल्हा देश में नंबर -1, रायपुर बिलासपुर को भी मिला सम्मान …

दिल्ली-रायपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार प्राप्त किए हैं। बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं बिलासपुर नगर निगम को स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में दूसरा स्थान मिला है। राजधानी रायपुर नगर निगम को राज्य में प्रथम स्थान के लिए सम्मानित किया गया है।

👉राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रदान किए राष्ट्रीय पुरस्कार

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में बुधवार को आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने चयनित नगरीय निकायों को सम्मानित किया। छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और संबंधित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों ने पुरस्कार ग्रहण किए। समारोह में सफाई मित्रों, अधिकारियों और कर्मचारियों की भागीदारी भी रही।

👉बिल्हा ने देशभर में हासिल किया पहला स्थान

छत्तीसगढ़ के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने हासिल की है। 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बिल्हा को देश में पहला स्थान मिला है। छोटे शहरों की श्रेणी में यह उपलब्धि स्थानीय निकाय की स्वच्छता व्यवस्था और नागरिकों की भागीदारी को राष्ट्रीय पहचान दिलाती है।

👉बिलासपुर को स्वच्छ रिवर फ्रंट श्रेणी में दूसरा स्थान

बिलासपुर नगर निगम ने भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। शहर को स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में देशभर में दूसरा स्थान मिला है। यह सम्मान नदी तटवर्ती क्षेत्रों की स्वच्छता और उनके बेहतर प्रबंधन के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

👉रायपुर को राज्य में मिला पहला स्थान

राजधानी रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। शहर में सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और नागरिकों की भागीदारी जैसे प्रयासों को इस उपलब्धि का आधार माना जा रहा है।

👉सफाई मित्रों और नागरिकों के योगदान को मिला सम्मान

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 का यह दसवां संस्करण है। इस बार की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल—बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई थी। सर्वेक्षण में नगरीय निकायों की स्वच्छता व्यवस्था के साथ सफाई मित्रों की मेहनत और नागरिकों की भागीदारी को भी महत्व दिया गया। छत्तीसगढ़ के तीन शहरों को मिले ये पुरस्कार प्रदेश के नगरीय निकायों के लिए उत्साह बढ़ाने वाली उपलब्धि हैं।