CG : कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सांसद सुखदेव भगत आज से प्रदेश में 3 दिवसीय दौरे पर ,सरगुजा संभाग के कोयला खदान प्रभावित इलाकों पर फ़ोकस, प्रभावित ग्रामीणों और संबंधित पक्षों से करेंगे मुलाकात

रायपुर । छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश प्रभारी और सांसद सुखदेव भगत 16 नवंबर से 3 दिवसीय प्रदेश दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिले का दौरा करेंगे। उनका खास फोकस सरगुजा संभाग के कोयला खदान प्रभावित इलाकों पर रहेगा। वे प्रभावित ग्रामीणों और संबंधित पक्षों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। इसके साथ ही अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तरीय जन चौपाल लगाकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।

सुखदेव भगत 16 नवंबर को झारखंड के लोहरदगा से सड़क मार्ग के जरिए छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। शंख नदी के पास प्रदेश की सीमा पर कांग्रेस कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।

इसके बाद वे जशपुर, बालाछापर, पतराटोली, कांसाबेल और पत्थलगांव में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। पहले दिन का रात्रि विश्राम मैनपाट में प्रस्तावित है।

👉साल्ही में कोयला खदान प्रभावितों से करेंगे चर्चा

दौरे के दूसरे दिन यानी 17 नवंबर को सुखदेव भगत मैनपाट से उदयपुर पहुंचेंगे। यहां बूथ स्तरीय जन चौपाल में शामिल होने के बाद ग्राम साल्ही जाएंगे। यहां PEKB, परसा, केते एक्सटेंशन और तारा कोल ब्लॉक से प्रभावित ग्रामीणों और संबंधित हितधारकों के साथ बैठक करेंगे।
इस दौरान कोयला खनन परियोजनाओं से जुड़े मुद्दों, ग्रामीणों की समस्याओं और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर चर्चा होगी। सरगुजा में कोयला खदानों को लेकर लंबे समय से उठ रहे स्थानीय सवालों के बीच इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है।
इसके बाद वे प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कांटारोली (मेंद्रा) में जन चौपाल में शामिल होंगे। शाम को अंबिकापुर पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।

👉अंबिकापुर में संगठन की बैठक, राजपुर में जन चौपाल

दौरे के अंतिम दिन 18 नवंबर को सुखदेव भगत अंबिकापुर स्थित राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक लेंगे। इसमें अंबिकापुर, लुंड्रा और सीतापुर विधानसभा क्षेत्रों के संगठनात्मक विषयों पर चर्चा होगी।

इसके बाद वे बलरामपुर जिले के राजपुर पहुंचेंगे। यहां रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के बूथ स्तरीय जन चौपाल कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शाम को झारखंड के लोहरदगा के लिए रवाना होंगे।

👉बूथ स्तर पर संगठन की स्थिति भी परखेंगे

सुखदेव भगत के इस दौरे को कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जन चौपाल के जरिए वे कार्यकर्ताओं से सीधे फीडबैक लेंगे।
वहीं कोयला खदान प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात के जरिए स्थानीय मुद्दों को समझने की कोशिश करेंगे। दौरे में संगठन की जमीनी स्थिति और क्षेत्रीय समस्याएं दोनों प्रमुखता से रहेंगी।