जम्मू-कश्मीर। जम्मू -कश्मीर में भारी बारिश कीचेतावनी के चलते बालटाल रूट से अमरनाथ यात्रा रोक दी गई है। तीर्थयात्रियों को कहा गया है कि वे अगले आदेश तक बालटाल बेस कैंप तथा आसपास के लंगरों में रुकें। इसे लेकर अधिकारियों ने कहा कि खराब मौसम के पूर्वानुमान के मद्देनजर 19 जुलाई यानी आज से अमरनाथ यात्रा अस्थायी रूप से निलंबित रहेगी। बालटाल एवं नूनवान/ चंदनवाड़ी आधार शिविरों से श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी। भारी बारिश के पूर्वानुमान की वजह से वैष्णो देवी की यात्रा भी ऐहतियातन अगले आदेशों तक रोक दी गई है।

कश्मीर के संभागीय आयुक्त अंशुल गर्ग ने कहा है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की तरफ से जारी खराब मौसम के पूर्वानुमान के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं भलाई के लिए एहतियाती कदम के तौर पर 19 जुलाई से पहलगाम और बालटाल मार्ग से श्री अमरनाथ जी यात्रा निलंबित रहेगी। बता दें, जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिले में लगातार मूसलाधार बारिश ने आज भारी तबाही मचा दी। शनिवार रातभर हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन हुई। इन हादसों में अब तक 10 लोगों की मौत हो गई है। कई लोगों के लापता होने की सूचना है। प्रशासन-पुलिस और राहत एजेंसियां बचाव अभियान चला रही हैं।
👉अब तक 4 लाख श्रद्धालु कर चुके हैं अमरनाथ के दर्शन
संभागीय आयुक्त अंशुल गर्ग ने कहा कि मार्ग की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मौसम की स्थिति के व्यापक आकलन के बाद यात्रा फिर शुरू करने के संबंध में उचित समय पर सूचना जारी होगी।
अधिकारियों के मुताबिक इस साल श्री अमरनाथ जी यात्रा में अब तक 3.76 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
