सोनम वांगचुक आज तोड़ सकते हैं अनशन अगर पूरी हो जाए ये शर्त, पत्नी गीतांजलि का जंतर-मंतर से ऐलान…

एजेंसी । लद्दाख के जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक आज 20 जुलाई को अपनी भूख हड़ताल खत्म कर सकते हैं. दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो रविवार शाम को सोनम वांगचुक का एक खास संदेश लेकर समर्थकों के बीच पहुंची थीं.

उन्होंने बताया कि अगर राजनीतिक नेता इस बात का ठोस आश्वासन देते हैं कि वे कल से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र में शिक्षा में जवाबदेही का मुद्दा उठाएंगे तो सोनम वांगचुक अपनी भूख हड़ताल खत्म कर देंगे. इसके लिए नेताओं को कल व्यक्तिगत रूप से अस्पताल जाकर सोनम वांगचुक से मुलाकात करनी होगी और आंदोलन के उद्देश्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जतानी होगी.

गीतांजलि आंग्मो ने स्पष्ट किया कि वांगचुक आंदोलन को खत्म नहीं कर रहे हैं, बल्कि इसे लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाने के लिए एक रणनीतिक मोड़ दे रहे हैं. उधर, सोमवार से शुरू हो रहे संसद सत्र को देखते हुए नई दिल्ली इलाके में सुरक्षा अभूतपूर्व रूप से बढ़ा दी गई है.

👉संसद मार्च पूरी तरह से शांतिपूर्ण होना चाहिए

आपको बता दें कि 20 जुलाई को प्रस्तावित ‘संसद चलो मार्च’ से ठीक पहले आए इस संदेश ने आंदोलन को एक नया मोड़ दे दिया है. गीतांजलि ने जंतर-मंतर पर जमा समर्थकों से अपील करते हुए कहा कि सोनम वांगचुक ने अनुरोध किया है कि 20 जुलाई का हमारा यह मार्च पूरी तरह से शांतिपूर्ण होना चाहिए. साथ ही उन्होंने समर्थकों को सचेत किया कि वे इस शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का किसी भी तरह से गलत इस्तेमाल न होने दें.

👉हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचीं गीतांजलि

सोनम वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि आंग्मो ने दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है. उन्होंने मुख्य न्यायाधीश (CJI) से इस मामले में तत्काल सुनवाई करने का अनुरोध किया है. इससे पहले, दिल्ली हाई कोर्ट ने सोनम वांगचुक की पत्नी की उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें मांग की गई थी कि सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल से किसी प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट किया जाए. हाई कोर्ट से राहत न मिलने के बाद अब डॉ. गीतांजलि ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है. उन्होंने सोमवार को ही मामले की सुनवाई की मांग की है.