दुर्ग । गुरुवार सुबह दुर्ग रेलवे स्टेशन पर एक अत्यंत हृदयविदारक दुर्घटना में ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी, रायपुर के रीजनल मैनेजर संदीप सिन्हा का असमय निधन हो गया। वे रायपुर से ऑफिशियल विजिट पर रायगढ़ जाने के लिए स्टेशन पहुंचे थे, जहाँ ट्रेन में चढ़ते समय उनका पैर फिसल गया और वे गंभीर रूप से हादसे का शिकार हो गए।
👉ऑफिशियल विजिट पर जाते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्तमान में दुर्ग निवासी संदीप सिन्हा रायगढ़ में विभागीय कार्य से जाने वाले थे। दुर्ग रेलवे स्टेशन पर जैसे ही वे ट्रेन में चढ़ने लगे, अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने के कारण वे चलती ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव की वजह से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दिवंगत संदीप सिन्हा डबल्यू सी एल कोरबा एरिया से सेवानिवृत्त अफसर एवं प्रसिद्ध श्रमिक नेता (दिवंगत) बी.एन.पी. सिन्हा के पुत्र थे। संदीप लंबे समय तक कोरबा में भी इंश्योरेंस कंपनी में अपनी सेवाएँ दे चुके थे और अपने कुशल प्रबंधन के लिए जाने जाते थे।
👉बीमा क्षेत्र और परिजनों में शोक की लहर
संदीप सिन्हा अपने पीछे धर्मपत्नी, दो पुत्रियों और एक पुत्र का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस दुखद समाचार के मिलते ही बीमा क्षेत्र, श्रमिक संगठनों, सहकर्मियों और परिचितों में गहरे शोक की लहर दौड़ गई है।
