दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पुलिस की वर्दी पहने एक जवान द्वारा स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के पैर छूने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सियासी विवाद खड़ा हो गया है। घटना दीपावली के दौरान की बताई जा रही है, जब मंत्री ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात पुलिस जवानों को उपहार बांटने पहुंचे थे। इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कड़ी आपत्ति जताते हुए मंत्री को मंत्रिमंडल से हटाने और संबंधित जवान को बर्खास्त करने की मांग की है।
👉89 जवानों से मिले थे मंत्री, एक ने छुए पैर

मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि दीपावली के अवसर पर उन्होंने ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात करीब 89 पुलिस जवानों से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने सभी जवानों से हाथ मिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उपहार बांटे। कुछ जवानों ने उन्हें सैल्यूट किया, जबकि इसी दौरान एक जवान ने वर्दी पहने हुए ही उनके पैर छू लिए। मंत्री के अनुसार, वह जवान पहले से उनका परिचित नहीं था।
भूपेश बघेल बोले- मंत्री को मंत्रिमंडल से हटाना चाहिए
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पुलिस की वर्दी में किसी मंत्री के पैर छूना गलत है। मंत्री ने संविधान की शपथ ली है, इसलिए उन्हें सबसे पहले इस मामले में जिम्मेदारी लेनी चाहिए। भूपेश बघेल ने मंत्री को मंत्रिमंडल से हटाने और पैर छूने वाले पुलिस जवान को बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी एजेंसियां सरकार के सामने नतमस्तक हैं, जबकि पुलिस की अपनी स्वतंत्र पहचान और गरिमा होती है।
👉पूर्व IPS आरके विज ने भी जताई आपत्ति
छत्तीसगढ़ के पूर्व विशेष पुलिस महानिदेशक आरके विज ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से इस घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वर्दीधारी अधिकारियों और कर्मचारियों को सार्वजनिक स्थानों पर किसी के भी पैर नहीं छूने चाहिए। घटना के बाद पुलिस की वर्दी और अनुशासन को लेकर बहस तेज हो गई है।
👉मंत्री बोले- मैंने जवान को पैर छूने से मना किया था
विवाद पर सफाई देते हुए मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि जवान के पैर छूने पर उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की थी। उन्होंने बताया कि पैर छूने वाला जवान उनके गांव का रहने वाला है और उनके भाई के साथ काम कर चुका है। जवान ने उन्हें परिवार से जुड़ा बताते हुए भैया कहकर संबोधित किया था। मंत्री के मुताबिक, उन्होंने जवान से पैर छूने का कारण पूछा और उसे रोकने के लिए अपना पैर पीछे भी किया।
👉राजनीतिक बयानबाजी तेज, मंत्री ने मांग पर दिया जवाब
भूपेश बघेल की ओर से मंत्री को पद से हटाने और जवान को बर्खास्त करने की मांग पर गजेंद्र यादव ने कहा कि यह उनकी सोच और मानसिकता है, इस पर वह कुछ नहीं कह सकते। इस घटना ने प्रदेश में पुलिस अनुशासन, वर्दी की गरिमा और जनप्रतिनिधियों के प्रति सरकारी कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
