दुर्ग । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दिवाली के दूसरे दिन पुरानी रंजिश ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। राजीव नगर इलाके में दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। इस दौरान धारदार हथियार से किए गए हमले में चंदू प्रसाद देवांगन की मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नाबालिगों सहित कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
👉पुरानी रंजिश में शुरू हुआ विवाद, बुलाए गए अन्य साथी
मामला दुर्ग सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के राजीव नगर का है। एएसपी शोभराज अग्रवाल के अनुसार, मृतक चंदू प्रसाद देवांगन की गया नगर क्षेत्र के कुछ युवकों के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी विवाद को लेकर 9 नवंबर की रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुलाया और एकजुट होकर चंदू पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
👉अस्पताल में तोड़ा दम, पुलिस ने शुरू की जांच
हमले में चंदू प्रसाद देवांगन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद समारू राम देवांगन की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने जांच और कार्रवाई के बाद सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
👉2 नाबालिग समेत 10 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस ने इस मामले में पंकज ठाकुर, निखिल ठाकुर, खूबलाल ठाकुर, संगीता ठाकुर, पुष्पा ठाकुर, योगिता ठाकुर, संदीप ठाकुर, सत्या साहू और दो अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी राजीव नगर वार्ड क्रमांक-4 के निवासी बताए गए हैं।
👉BNS की इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ अपराध
एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 61(2), 191(1), 191(2) और 331(8) के तहत अपराध दर्ज किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
