KORBA : कलेजे के टुकड़े से बिछड़ने के गम में 2 साल बाद टूट गई मां,फांसी लगा इहलीला की समाप्त,हृदयविदारक घटना से आंखे हुई नम …

कोरबा। एक मां के लिए संतान को खोने का दर्द शायद शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। जिस बेटे को कभी अपनी आंखों के सामने बड़ा होते देखा, उसी बेटे के बिछड़ने का गम एक मां के दिल में ऐसा घर कर गया कि दो साल बीत जाने के बाद भी वह उस सदमे से उबर नहीं पाई। बेटे की यादें, सूना घर और अकेलेपन का दर्द उसके जीवन पर भारी पड़ता रहा। आखिरकार पुरानी बस्ती रानी रोड इलाके में एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया।

शहर के रानी रोड निवासी करीब 50 वर्षीय गीता तंवर उर्फ गीता बाई कंवर ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि करीब दो साल पहले उनके बेटे की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से वह लगातार दुखी और परेशान रहती थीं। बेटे के जाने का गम उनके चेहरे और व्यवहार में साफ झलकता था।

परिजनों और पड़ोसियों के मुताबिक, दीपावली जैसे खुशियों के त्योहार पर भी उनके मन में बेटे के न होने का दर्द गहरा था। उन्होंने बेटे के बिना घर सूना लगने की बात कही थी। जहां त्योहार पर घर-आंगन रोशनी से जगमगा रहे थे, वहीं उनके जीवन में बेटे की कमी का अंधेरा कम
होने का नाम नहीं ले रहा था।

👉सूने घर में पसरा मातम, पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना

मिली जानकारी के अनुसार, महिला ने घर के सामने वाले कमरे में लोहे के एंगल से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक घर में कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। अंदर जाकर देखने पर महिला फंदे पर लटकी मिली। इसके बाद तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भी दी गई।

👉पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

मामले में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि थाना कोतवाली क्षेत्र के रानी रोड में गीता बाई कंवर द्वारा साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि महिला के बेटे की करीब दो वर्ष पहले मृत्यु हो गई थी और उसके बाद से वह अकेली रह रही थी।

सीएसपी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। परिजनों ने बेटे की मौत के सदमे को आत्महत्या की वजह बताया है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

एक बेटे के जाने का दर्द, एक मां की खामोशी और पीछे छूट गया सवाल… रानी रोड की यह घटना एक परिवार के लिए कभी न भरने वाला जख्म बन गई है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।