KORBA : मसीही समाज के 10-15 लोगों पर FIR…

0 चर्च में प्रार्थना के दौरान घुसकर मारपीट व तोड़फोड़ के बाद नाराज लोगों ने किया था प्रदर्शन,चक्काजाम

कोरबा। रजगामार क्षेत्र के ओमपुर स्थित चर्च में प्रार्थना के दौरान घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ किए जाने की घटना के बाद नाराज मसीह समाज के लोगों द्वारा किए गए चक्काजाम को लेकर पुलिस ने 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। मामले में पुष्पेन्द्र डडसेना की शिकायत पर रास्ता रोकने, गाली-गलौच करने और धमकी देने के आरोप में बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई है।

एफआईआर के मुताबिक, पुष्पेन्द्र डडसेना निवासी रजगामार ने पुलिस को बताया कि 8 नवंबर 2026 को करीब 11:50 बजे वह रजगामार से सामान खरीदने कोरबा जा रहा था। इसी दौरान बैरियर चौक के पास मसीह समाज के करीब 10-15 महिला-पुरुष सड़क पर वाहन लगाकर रास्ता रोके हुए थे। शिकायत के अनुसार, आने-जाने वाले लोगों को वहां से निकलने नहीं दिया जा रहा था।
शिकायत में बताया गया है कि इसी दौरान ओमपुर निवासी दुष्यंत केंवट भी मोटरसाइकिल से कोरबा की ओर से आ रहा था। वह सड़क के किनारे से निकलने का प्रयास कर रहा था। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उसे रोकते हुए कहा कि वह कैसे जाएगा और जबरदस्ती निकलने पर मारने की धमकी देते हुए गाली-गलौच की।
पुष्पेन्द्र ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसे भी आवश्यक काम से जाना था, लेकिन रास्ता रोके जाने के कारण उसे विलंब हुआ। उसके मुताबिक, चक्काजाम के कारण आने-जाने वाले अन्य लोग भी परेशान हुए। शिकायतकर्ता ने घटना को अन्य लोगों द्वारा देखे और सुने जाने की बात कही है तथा रास्ता रोकने वालों को देखकर पहचान लेने का दावा किया है।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात 10-15 लोगों के खिलाफ धारा 126(2), 191(2), 296 और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।