रायपुर । छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर एक बार फिर केंद्र और राज्य सरकार के साथ-साथ धार्मिक कथावाचकों पर निशाना साधा है। उन्होंने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और कथावाचक प्रदीप मिश्रा का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि धर्म के नाम पर समाज को बांटने और अंधविश्वास फैलाने की कोशिश की जा रही है। बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा कर कहा कि जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति के बाद अब भगवान को भी बांटने का प्रयास किया जा रहा है। बघेल ने कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री द्वारा भगवान राम और श्रीकृष्ण को लेकर की गई बातों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक मंचों से इस तरह की बातें करना और समाज में अंधविश्वास फैलाना उचित नहीं है।

गौरतलब है कि पूर्व सीएम भूपेश बघेल मंगलवार को रायपुर स्थित अपने निवास पर आयोजित गोवर्धन तिहार में शामिल हुए। उन्होंने परिवार के साथ गौवंश की पूजा की। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई विधायक और वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। इस कार्यक्रम के दौरान उन्होने मंच से केंद्र और राज्य सरकार के साथ ही कथावाचकों पर तीखा हमला किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने भी अंधविश्वास के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। ऐसे में आज के वैज्ञानिक युग में लोगों को धार्मिक आडंबर और अंधविश्वास के पीछे भागने के बजाय तर्क, वैज्ञानिक सोच और आधुनिक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। बघेल ने कहा कि अंधविश्वास और धर्मांधता फैलाने वालों का तर्कपूर्ण खंडन करना जरूरी है। इसकी जिम्मेदारी उन लोगों की है, जिन्हें शिक्षा, धर्म, अध्यात्म और दर्शन की समझ है।
उन्होंने समाज को बांटने के बजाय जागरूकता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने की अपील की। कथावाचकों पर निशाना साधने के बाद बघेल ने केंद्र सरकार और मौजूदा राजनीतिक हालात पर भी टिप्पणी की। उन्होने एक्स पर अपना वीडियों शेयर करते हुए लिखा….“जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति के बाद अब भगवान को भी बांटने का प्रयास किया जा रहा है। कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री द्वारा भगवान राम और श्रीकृष्ण को लेकर इस तरह की बातें करना तथा समाज में अंधविश्वास फैलाना कतई उचित नहीं है।” उन्होंने देश को संक्रमण काल से गुजरता हुआ बताते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तारीफ की। बघेल ने लिखा कि राहुल गांधी अन्याय और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाते हैं। किसान, महिलाएं, युवा और जेएनयू के छात्र हों, वे सभी के मुद्दों को उठाने की लड़ाई लड़ते हैं।
👉एप्स्टीन फाइल का जिक्र कर PM मोदी पर कसा तंज
बघेल ने अपने पोस्ट में एप्स्टीन फाइल को लेकर चल रही चर्चाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि इन फाइलों में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, हरदीप पुरी सहित कई मंत्रियों और अधिकारियों के नाम सामने आए हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने तंज कसते हुए आशंका जताई कि कहीं ‘हमारे साहेब’ का नाम भी इसमें न आ जाए। हालांकि, बघेल ने अपने पोस्ट में इस आशंका के समर्थन में कोई तथ्य या प्रमाण नहीं दिया। उनका यह बयान राजनीतिक कटाक्ष के तौर पर सामने आया है। अंत में उन्होंने लोगों से चौकस, जागरूक और सतर्क रहने की अपील की। गोवर्धन पूजा के मौके पर भूपेश बघेल का यह बयान धार्मिक कथावाचन, अंधविश्वास, वैज्ञानिक सोच और राष्ट्रीय राजनीति जैसे मुद्दों को एक साथ लेकर आया है। उनके इस हमले से छत्तीसगढ़ में धार्मिक और राजनीतिक बयानबाजी को लेकर नई चर्चा तेज होने की संभावना है।
