CG : पटाखा मांगने पर इंकार ,नाबालिग ने अधेड़ पर किया ताबड़तोड़ वार ,हत्या से मची सनसनी …

कोरबा । कोरबा जिले में पटाखा मांगने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। बांगो थाना क्षेत्र के कटमोरगा मड़ाई गांव में पटाखा देने से इनकार करने पर एक नाबालिग ने ग्रामीण पर डंडे और टांगी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है।

मामूली बात पर हत्या की ये वारदात बांगो थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक घटना 8 नवंबर की है। बोधराम गांव की राशन दुकान से पटाखे और राशन का सामान खरीदकर अपने घर लौट रहा था।। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही एक नाबालिग ने उनसे फोड़ने के लिए पटाखा मांगा। बोधराम ने पटाखा देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर नाबालिग ने डंडे तथा टांगी से बोधराम पर हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने बांगो थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में पटाखे और शराब को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।