KORBA : आंध्रप्रदेश से अंबिकापुर जा रहा 8 कारों से लदा कंटेनर मदनपुर घाट की 30 फीट गहरी खाई में गिरा,कारों समेत कंटेनर चकनाचूर ,चालक घायल …

कोरबा । जिले में नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। आठ नई कारों को लेकर जा रहा तेज रफ्तार कंटेनर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 30 फीट नीचे जा गिरा। हादसे में कंटेनर वाहन सहित सभी आठ कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

वहीं चालक को चोटें आई हैं. पूरा मामला मोरगा चौकी क्षेत्र के बड़े मदनपुर घाट का है, जहां आंध्र प्रदेश से अंबिकापुर स्थित महामाया ऑटो सेंटर जा रहा कंटेनर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और नेशनल हाईवे से करीब 30 फीट नीचे जा गिरा। हादसा इतना जबरदस्त था कि कंटेनर के परखच्चे उड़ गए और उसमें लोड आठों नई कारें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार हादसे की वजह बनी। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मोरगा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम मरकाम के मुताबिक पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।