CG : सराफा कारोबारी से 2 करोड़ की सोने -चांदी के आभूषणों के लूट से मचा हड़कम्प ,लिफ्ट मांगकर कार में बैठे बदमाशों ने पिस्टल -चाकू की नोंक पर वारदात को दिया अंजाम, जांच में जुटी पुलिस …

बीजापुर । छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में सराफा कारोबारियों को निशाना बनाने वाली वारदातों ने चिंता बढ़ा दी है। दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर बदमाशों ने एक सराफा कारोबारी की कार में लिफ्ट लेकर करीब दो करोड़ रुपये से ज्यादा के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। आरोप है कि दो बदमाशों ने व्यापारी और ड्राइवर को पिस्टल और चाकू की नोक पर धमकाया और गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक, सराफा कारोबारी स्वरूप सोनी शाम के समय भैरमगढ़ से गीदम के लिए रवाना हुए थे। उनके साथ एक अन्य व्यापारी भी मौजूद था। दोनों निजी गाड़ी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नेलसनार थाना क्षेत्र के जंगल में सड़क किनारे खड़े दो अज्ञात लोगों ने हाथ देकर गाड़ी रुकवाई और लिफ्ट मांगकर उसमें सवार हो गए। कुछ दूर आगे पहुंचने के बाद बदमाशों ने अपने इरादे जाहिर कर दिए। आरोप है कि दोनों ने व्यापारी और ड्राइवर को हथियारों के दम पर धमकाया। उनकी कनपटी पर पिस्टल तान दी और चाकू अड़ा दिया। इसके बाद सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।

👉बैग में 1.30 किलो सोना और 15 किलो से ज्यादा चांदी होने का दावा

व्यापारी के मुताबिक, लूटे गए बैग में करीब 1300 ग्राम सोने के आभूषण थे, जिनकी कीमत 1 करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके अलावा 15 किलो से ज्यादा चांदी के आभूषण भी बैग में रखे थे। इनकी अनुमानित कीमत 25 से 28 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह लूटे गए आभूषणों की कुल कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है। हालांकि, लूटे गए आभूषणों की वास्तविक मात्रा और कीमत का आधिकारिक सत्यापन अभी बाकी है। पुलिस का कहना है कि व्यापारी से आभूषणों का पूरा हिसाब मिलने और जांच के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा।

👉मोबाइल फोन फेंककर फरार हुए बदमाश

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश कुछ दूरी पर व्यापारी और ड्राइवर के मोबाइल फोन फेंककर फरार हो गए। घटना के बाद किसी तरह व्यापारी पुलिस थाने पहुंचे और पूरी जानकारी दी। पुलिस आसपास के रास्तों, घटनास्थल और अन्य संभावित सुरागों की जांच कर रही है। नेलसनार थाना प्रभारी विवेकानंद पटेल के मुताबिक, फिलहाल लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों की वास्तविक मात्रा स्पष्ट नहीं है। व्यापारी ने हिसाब करके जानकारी देने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि बस्तर संभाग में सराफा कारोबारियों से जुड़ी यह दूसरी बड़ी वारदात है। दो दिन पहले धनतेरस की रात जगदलपुर के संजय मार्केट स्थित एक सराफा दुकान में भी बड़ी चोरी हुई थी। बताया गया कि ग्राहक बनकर पहुंची महिलाओं और बच्चों ने करीब 1200 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए थे। चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब 1 करोड़ 74 लाख रुपये बताई गई थी। लगातार सामने आ रही इन वारदातों ने सराफा कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल नेलसनार की लूट के मामले में पुलिस जांच कर रही है।