काव्या मारन-अनिरुद्ध रविचंदर एक दूजे के हुए ,ग्रीस में की शादी, ड्रीमी वेडिंग की पहली तस्वीरें आईं सामने…

एजेंसी। मशहूर सिंगर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की सह-मालिक काव्या मारन ने बुधवार, 11 नवंबर 2026 को ग्रीस में एक निजी डेस्टिनेशन वेडिंग में शादी कर ली। अनिरुद्ध और काव्या ने पति-पत्नी के रूप में अपनी शादी की पहली तस्वीर शेयर कर दी है।

इस समारोह की पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई है, जिसमें नवविवाहित जोड़ा आइवरी कलर के पारंपरिक आउटफिट में बेहद खूबसूरत अंदाज में मुस्कुराते हुए साथ में देखा जा सकता है। सफेद फूलों से सजे वेन्यू के बीच दोनों एक-दूसरे का हाथ पकड़े दिख रहे हैं। अनिरुद्ध और काव्या ने डिजाइनर आउटफिट्स के साथ अपने लुक को सिंपल रखा, जो उनकी खूबसूरती में चार चांद लगा रहा है।

👉अनिरुद्ध-काव्या की शादी की पहली तस्वीर आई सामने

अनिरुद्ध रविचंदर ने अपनी पत्नी काव्या मारन के साथ इंस्टाग्राम पर शादी की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘मेरी जिंदगी का एक खास पल, जो हमेशा के लिए है… 11.11’ और साथ में एक हार्ट इमोजी भी लगाई। ग्रीस में जश्न की शुरुआत 10 नवंबर को एक पारंपरिक सगाई समारोह के साथ हुई। इसमें परिवार के करीबी सदस्य और कुछ खास मेहमान शामिल हुए, जिनमें दूल्हे के चाचा और सुपरस्टार रजनीकांत, ऐश्वर्या रजनीकांत, तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और उदयनिधि स्टालिन मौजूद थे।

सन पिक्चर्स ने भी X पर शादी की एक तस्वीर शेयर करते हुए अनिरुद्ध और काव्या को बधाई दी। पोस्ट में लिखा था, ‘काव्या और अनिरुद्ध को उनकी शादी पर बहुत-बहुत बधाई!’

👉अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन का चेन्नई रिसेप्शन

ग्रीस में शादी के बाद अनिरुद्ध और काव्या 21 नवंबर को चेन्नई में एक भव्य रिसेप्शन देने वाले हैं। तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा शेयर की गई एक पोस्ट से इस रिसेप्शन की तारीख कन्फर्म हुई है। इससे पहले काव्या के माता-पिता कलानिधि मारन और कावेरी मारन ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से मुलाकात की थी और उन्हें इस जश्न में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था। अनिरुद्ध और काव्या के रिसेप्शन में भारतीय सिनेमा, राजनीति, व्यापार और क्रिकेट जगत की कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।

👉अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन बने पति-पत्नी

शादी से पहले अनिरुद्ध और काव्या ने अपने रिश्ते को काफी हद तक लोगों की नजरों से दूर रखा था। संगीतकार और सनराइजर्स हैदराबाद की सह-मालकिन के बीच रिश्ते की अफवाहें 2024 में तब तेज हुईं जब उन्हें विदेश में एक साथ देखा गया, जिसमें लास वेगास में हुई उनकी एक मुलाकात भी शामिल थी। सोशल मीडिया पर लगातार लग रही अटकलों के बावजूद उस समय दोनों में से किसी ने भी अपने रिश्ते की पुष्टि नहीं की थी। यहां तक कि जून 2025 में अनिरुद्ध ने X पर शादी की शुरुआती चर्चाओं को भी खारिज कर दिया था। धीरे-धीरे यह जोड़ा कुछ चुनिंदा पारिवारिक कार्यक्रमों में एक साथ नजर आने लगा और आखिरकार ग्रीस में एक निजी डेस्टिनेशन वेडिंग के जरिए उन्होंने अपने रिश्ते पर मुहर लगा दी।

👉अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन का शानदार करियर

अनिरुद्ध रविचंदर, जिन्हें ‘व्हाई दिस कोलावेरी डी’ से पूरे देश में शोहरत मिली और जिन्होंने ‘जेलर’, ‘विक्रम’, ‘लियो’ और ‘जवान’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के लिए सुपरहिट गाने दिए हैं। वे ‘जेलर 2’ के लिए भी धांसू गाना गा चुके हैं। वहीं, काव्या मारन की बात करें तो वह सन टीवी नेटवर्क के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन की बेटी हैं।