CG : कमरे में चल रहा था ऑनलाइन सट्टे का कारोबार , मुखबिर की सूचना पर आ धमकी पुलिस ,4 गिरफ्तार ,17 मोबाइल और 15 ATM कार्ड जब्त,मचा हड़कम्प …

दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में ऑनलाइन सट्टे के कारोबार पर खुर्सीपार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ट्रांसपोर्ट नगर में एक कमरे के अंदर रेड्डी अन्ना 108 नाम से ऑनलाइन सट्टा पैनल संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने दबिश देकर मौके से चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, 15 ATM कार्ड और 90 हजार रुपए नकद जब्त किए गए हैं।

👉मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा

छावनी CSP प्रशांत पैकरा के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार के ट्रांसपोर्ट नगर में गुरुदयाल सिंह के यार्ड में टाटा सर्विस सेंटर के पास स्थित एक कमरे में ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है।

सूचना के अनुसार, कुछ लोग लैपटॉप और मोबाइल के जरिए सट्टे का कारोबार चला रहे थे। इसके लिए अलग-अलग लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल कर पैसों का लेन-देन भी किया जा रहा था।

सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कमरे में छापा मारा। यहां चार युवक ऑनलाइन सट्टा संचालित करते मिले, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

👉रेड्डी अन्ना 108 पैनल से लगवाते थे ऑनलाइन दांव

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रेड्डी अन्ना 108 नाम के सट्टा एप और उसके पैनल के जरिए लोगों से ऑनलाइन दांव लगवाते थे। इस कारोबार में पैसों के लेन-देन के लिए दूसरे लोगों के बैंक खातों और ATM कार्ड का इस्तेमाल किया जा रहा था।

बताया गया है कि जिन लोगों के बैंक खाते और ATM कार्ड इस्तेमाल किए जाते थे, उन्हें इसके बदले कमीशन या पहले से तय रकम दी जाती थी। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल बैंक खातों और पैसों के लेन-देन की जांच की जा रही है।

👉4 आरोपी गिरफ्तार

खुर्सीपार पुलिस ने इस मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों मेंअमित तिवारी (21), विकास कुमार साहू (24),शुभम कुमार पाल (21) और यशमीत सिंह (19) शामिल हैं। चारों आरोपी भिलाई के खुर्सीपार क्षेत्र के निवासी हैं।

👉2 लैपटॉप, 17 मोबाइल और 90 हजार रुपए जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ऑनलाइन सट्टा संचालित करने में इस्तेमाल किए जा रहे 2 लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, 15 ATM कार्ड और 90 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा सट्टा एप और पैनल से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं।

👉सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश

खुर्सीपार थाने में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब उन बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनका इस्तेमाल सट्टे के पैसों के लेन-देन में किया गया था।

साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस पूरे नेटवर्क को कौन संचालित कर रहा था और इसमें अन्य कितने लोग शामिल हैं। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और बैंक ट्रांजेक्शन के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।